PM Modi Flags off Pune Metro Pink Line: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पुणे को करीब 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 23 किलोमीटर लंबी पुणे मेट्रो लाइन-3 यानी पिंक लाइन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पुणे मेट्रो के दूसरे चरण यानी फेज-2 की आधारशिला भी रखी। इन परियोजनाओं से पुणे में सार्वजनिक परिवहन और कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ लाखों लोगों के लिए रोजाना आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
₹8,300 करोड़ से तैयार हुई पिंक लाइन
पुणे मेट्रो की 23 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन को 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। यह लाइन हिंजेवाड़ी और शिवाजीनगर जैसे महत्वपूर्ण इलाकों को आपस में जोड़ेगी। हिंजेवाड़ी पुणे का प्रमुख IT हब है, इसलिए इस मेट्रो सेवा का सबसे बड़ा फायदा IT सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों को मिलने की उम्मीद है। इससे इन क्षेत्रों के बीच आने-जाने का समय और परिवहन का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
फेज-2 पर खर्च होंगे करीब ₹13,500 करोड़
प्रधानमंत्री मोदी ने पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की भी आधारशिला रखी। इस परियोजना पर करीब 13,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पिंक लाइन की लागत और दूसरे चरण की प्रस्तावित लागत को मिलाकर पुणे के लिए मेट्रो परियोजनाओं में कुल निवेश लगभग 21,800 करोड़ रुपये का है।
2014 में 248 KM था देश का मेट्रो नेटवर्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में मेट्रो के विस्तार का आंकड़ा भी साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत में पहली मेट्रो सेवा 1984 में शुरू हुई थी। इसके बाद अगले 30 वर्षों में यानी 2014 तक देश में केवल 248 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क तैयार हो पाया था। उस समय महज पांच शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध थी।
अब 1,200 KM तक पहुंचा ऑपरेशनल मेट्रो नेटवर्क
पीएम मोदी के मुताबिक, 2014 में केंद्र में NDA सरकार आने के बाद शहरी परिवहन और आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता दी गई। शहरों में रहने वाले मध्यम वर्ग के लोगों के सफर को आसान बनाने और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि देश का ऑपरेशनल मेट्रो नेटवर्क अब करीब 1,200 किलोमीटर तक पहुंच चुका है। वहीं, 2014 में जहां केवल पांच शहरों में मेट्रो चलती थी, अब देश के 26 शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है।
IT से ऑटोमोबाइल तक पुणे के विकास को मिलेगी रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि पुणे IT, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में युवाओं के सपनों का शहर बन चुका है। उनके अनुसार, मेट्रो कनेक्टिविटी मजबूत होने से पुणे के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज किसी शहर की पहचान केवल वहां के उद्योगों या खानपान से नहीं होती, बल्कि यह भी महत्वपूर्ण है कि वहां कारोबार करना कितना आसान है और लोगों को रहने के लिए कितनी बेहतर सुविधाएं मिलती हैं। मेट्रो जैसी परियोजनाएं इन दोनों पहलुओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती हैं।
पुणे मेट्रो खुद पैदा करेगी 30 फीसदी बिजली
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मौके पर कहा कि पुणे मेट्रो अपनी जरूरत की 30 फीसदी बिजली खुद पैदा करेगी। इससे मेट्रो को ग्रीन मेट्रो के रूप में संचालित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुणे मेट्रो कई नए रिकॉर्ड भी बना रही है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुणे मेट्रो के फेज-2 समेत कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
Read More:
क्यों कहते हैं धनतेरस को धन त्रयोदशी? छिपे हैं ऐसे गहरे राज, जानकर चौंक जाएंगे आप!

