उत्तर प्रदेश के हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने अवैध क्रीम निर्माण इकाई पर छापेमारी कर करीब 500 किलो मिलावटी क्रीम नष्ट कराई। इसकी कीमत लगभग 1.10 लाख रुपये बताई गई है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा चंद्रशेखर मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने शेखपुर कुचेसर चौपला स्थित जय नागर की क्रीम निर्माण इकाई पर देर रात अचानक जांच की। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। टीम ने मौके से क्रीम के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। साथ ही दूषित क्रीम को नष्ट कराकर इकाई का संचालन बंद करा दिया।
वनस्पति और तेल से बन रही थी क्रीम
जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि इकाई में दूध के बजाय वनस्पति, रिफाइंड ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर (SMP) और दही मिलाकर क्रीम तैयार की जा रही थी। विभाग के मुताबिक, इस तरह नकली क्रीम का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जा रहा था। मिलावट की सूचना मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए निर्माण गतिविधियां रुकवा दीं।
डेयरियों से भी लिए गए नमूने
कार्रवाई के बाद मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों मोहित, सहरिश सादात व विपिन समेत अन्य कर्मचारियों की टीम ने छतनौरा गांव में भी जांच की। यहां पहलवान डेयरी से दूध का एक नमूना लिया गया। वहीं, अमित डेयरी से दूध, क्रीम और पनीर के नमूने जांच के लिए जुटाए गए। सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि सभी नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन के बीच खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावट का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
Read More
दिल्ली के स्कूल में 9 साल की बच्ची की मौत, क्लासरूम में अचानक बिगड़ी तबीयत


[…] […]