HomeBreaking Newsपहले तलाक, फिर हुआ इकरार! जापानी कपल ने लखनऊ में हिंदू रीति-रिवाज...

पहले तलाक, फिर हुआ इकरार! जापानी कपल ने लखनऊ में हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी, कहानी ने जीता दिल

प्यार में कई बार ऐसे मोड़ आते हैं जहां रिश्ते टूटने के बाद भी लोगों के दिलों में एक-दूसरे के लिए जगह बनी रहती है। कुछ ऐसी ही कहानी जापान के एक कपल(Japanese couple) की है जो तलाक के बाद एक बार फिर करीब आए और अब उन्होंने अपने रिश्ते को नई शुरुआत दी है। खास बात यह है कि इस जोड़े ने दोबारा शादी करने के लिए भारत की संस्कृति और परंपराओं को चुना। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई इस शादी की चर्चा अब सोशल मीडिया पर हो रही है।

जापान के रहने वाले हिरो चिहारा और शिजु ने साल 2022 में एक-दूसरे से तलाक ले लिया था। इसके बाद दोनों अलग हो गए लेकिन समय के साथ उनके रिश्ते में फिर से नजदीकियां बढ़ने लगीं। बताया जाता है कि साल 2023 में भारतीय दोस्तों की सलाह और प्रोत्साहन के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया। धीरे-धीरे उनके बीच सब कुछ बेहतर हुआ और उन्होंने फिर से साथ रहने का निर्णय लिया।

लखनऊ के मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से की शादी

इस कपल ने 23 नवंबर को गोमती नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में दोबारा शादी की। इस खास मौके पर उनके तीन बच्चे, परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त भी मौजूद रहे। शादी के दौरान हिरो कुर्ता-पायजामा और शिजु सलवार-कुर्ते में नजर आईं। दोनों ने एक-दूसरे को गेंदे के फूलों की माला पहनाई। इसके बाद सिंदूर लगाने और पवित्र अग्नि के चारों ओर सात फेरे लेने जैसी रस्में निभाईं।

दोस्त की शादी में आए थे लखनऊ

दिलचस्प बात यह है कि हिरो और शिजु 21 नवंबर को अपने भारतीय दोस्त पंकज जोशी की शादी में शामिल होने लखनऊ आए थे। यहां की शादी की परंपराओं और रस्मों ने उन्हें काफी प्रभावित किया। इसके बाद दोनों ने भी भारतीय रीति-रिवाजों से शादी करने की इच्छा जताई और मंदिर में उनके विवाह की व्यवस्था की गई।

भारत के प्रति खास लगाव

मीडिया संग बातचीत में हिरो ने बताया कि भारत उनके लिए बेहद खास है और वे यहां शादी करना चाहते थे। उनके लिए यह समारोह यादगार अनुभव रहा। तलाक के बाद दोबारा एक-दूसरे को चुनने वाले इस जापानी कपल की कहानी अब लोगों का ध्यान खींच रही है।

यह भी पढ़ें : माघ मेले में पहली बार तैनात होगा एंटी ड्रोन सिस्टम, 6 KM के दायरे में 24 घंटे…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments