HomeBreaking NewsMargashirsha Amavasya 2026: कब है मार्गशीर्ष अमावस्या? जानें स्नान-दान का शुभ मुहूर्त,...

Margashirsha Amavasya 2026: कब है मार्गशीर्ष अमावस्या? जानें स्नान-दान का शुभ मुहूर्त, पितरों के तर्पण और श्राद्ध का समय

Margashirsha Amavasya 2026: हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष महीने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय इस महीने की शुरुआत 25 नवंबर, बुधवार से हो चुकी है। मार्गशीर्ष महीने के कृष्ण पक्ष की अंतिम तिथि को मार्गशीर्ष अमावस्या या अगहन अमावस्या कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, जरूरतमंदों को दान और पितरों के लिए तर्पण व श्राद्ध करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसके अलावा शाम के समय माता लक्ष्मी की पूजा और रात में मंत्र साधना करना भी शुभ माना जाता है।

कब है मार्गशीर्ष अमावस्या 2026?

वैदिक पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष महीने के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि 8 दिसंबर 2026 को सुबह 4 बजकर 12 मिनट पर शुरू होगी। वहीं, इस तिथि का समापन 9 दिसंबर को सुबह 6 बजकर 21 मिनट पर होगा। उदयातिथि के आधार पर मार्गशीर्ष अमावस्या 8 दिसंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी। मंगलवार को पड़ने के कारण इसे भौमवती अमावस्या भी कहा जाएगा।

मार्गशीर्ष अमावस्या 2026 स्नान-दान और पूजा मुहूर्त

मार्गशीर्ष अमावस्या के दिन ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना विशेष फलदायी माना जाता है। इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 13 मिनट से 6 बजकर 7 मिनट तक रहेगा। वहीं, अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 52 मिनट से दोपहर 12 बजकर 34 मिनट तक रहेगा।

इस दिन माता लक्ष्मी की पूजा के लिए प्रदोष काल का समय महत्वपूर्ण है। सूर्यास्त शाम 5 बजकर 24 मिनट पर होगा। इसी समय से प्रदोष काल शुरू होगा। वहीं, निशिता मुहूर्त रात 11 बजकर 46 मिनट से 12 बजकर 41 मिनट तक रहेगा। इस समय मंत्रों की सिद्धि के लिए साधना करना शुभ माना जाता है।

अमावस्या के दिन सूर्योदय सुबह 7 बजकर 1 मिनट पर होगा। चंद्रोदय नहीं होगा, जबकि चंद्रास्त शाम 4 बजकर 34 मिनट पर होगा।

पितरों के तर्पण और श्राद्ध का शुभ समय

मार्गशीर्ष अमावस्या पर पितरों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध करने का विशेष महत्व है। इस दिन स्नान के बाद पितरों के लिए तर्पण किया जा सकता है। इसके अलावा सुबह 11 बजकर 30 मिनट से दोपहर 2 बजकर 30 मिनट के बीच श्राद्ध और पिंडदान करना शुभ माना गया है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितरों के लिए श्राद्ध कर्म करने का कुतुप मुहूर्त सबसे उत्तम होता है। यह समय सुबह 11 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक रहेगा।

हिंदू पंचांग के अनुसार, सूर्योदय से सूर्यास्त तक के समय को 15 मुहूर्तों में बांटा जाता है। प्रत्येक मुहूर्त लगभग 48 मिनट का होता है। इनमें आठवां मुहूर्त कुतुप कहलाता है। इसी दौरान पितरों के निमित्त श्राद्ध और पिंडदान करना विशेष फलदायी माना जाता है।

मार्गशीर्ष अमावस्या पर बनेंगे दो शुभ योग

इस साल मार्गशीर्ष अमावस्या पर दो शुभ योग बन रहे हैं। इनमें पहला सुकर्मा योग है, जो सुबह 8 बजकर 7 मिनट तक रहेगा। इसके बाद धृति योग शुरू हो जाएगा। इसके अलावा इस दिन अनुराधा नक्षत्र सुबह से लेकर शाम 6 बजकर 16 मिनट तक रहेगा। इसके बाद ज्येष्ठा नक्षत्र की शुरुआत होगी।

मार्गशीर्ष अमावस्या का धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मार्गशीर्ष अमावस्या पर पितरों के लिए तर्पण, श्राद्ध और पिंडदान करने से उन्हें मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान विष्णु और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और पापों से मुक्ति मिलती है।

मान्यता है कि अमावस्या पर तर्पण, पंचबलि कर्म और जरूरतमंदों को दान करने से पितृ दोष से राहत मिलती है। इसके अलावा इस दिन पीपल के पेड़ पर जल चढ़ाना और सरसों के तेल का दीपक जलाना भी शुभ माना जाता है। ऐसा करने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।

Read More:

‘ट्रंप के दबाव में नहीं मिली Nvidia की CEO कुर्सी’, जेन्सेन हुआंग का बड़ा खुलासा, कर्मचारियों से मांगी माफी

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments