HomeBreaking News'पैर में गोली मारना काफी नहीं, फांसी दो वरना खुद मार दूंगी...

‘पैर में गोली मारना काफी नहीं, फांसी दो वरना खुद मार दूंगी गोली!’ झांसी में बेटी की हत्या के बाद भड़की मां

उत्तर प्रदेश के झांसी में 19 वर्षीय युवती चंचल की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पीड़ित परिवार का आक्रोश और गम थमने का नाम नहीं ले रहा है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर में हुई इस दर्दनाक घटना के महज पांच घंटे के भीतर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी प्रेमी कमल के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मृतका के माता-पिता पुलिस की इस कार्रवाई को अधूरा न्याय मान रहे हैं। पिता सोनू ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना तो की, लेकिन स्पष्ट किया कि उनके परिवार को असली न्याय आरोपी को अदालत से सख्त सजा मिलने के बाद ही नसीब होगा।

पीएम मोदी और सीएम योगी से लगाई फांसी की गुहार

बेटी को खोने के गम में डूबे माता-पिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हाथ जोड़कर गुहार लगाई है कि आरोपी कमल को फांसी की सजा दी जाए। मृतका की मां सपना का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने बेहद भावुक व कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस द्वारा आरोपी के पैर में गोली मारे जाने से उन्हें कोई संतुष्टि नहीं मिली है। मां ने रोते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब तक आरोपी की लाश उनके सामने नहीं आती या उसे फांसी नहीं लटकाया जाता, तब तक उनकी बेटी की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी। उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि यदि उसे फांसी नहीं मिली तो वह खुद हत्यारे को गोली मार देंगी।

घर में घुसा और मार दी थी गोली

उल्लेखनीय है कि बुधवार को सिरफिरे प्रेमी कमल ने प्रेमिका चंचल के घर में जबरन घुसकर उसे गोली मार दी थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के तुरंत बाद हरकत में आई सीपरी बाजार पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को मुठभेड़ में दबोच लिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन मासूम बेटी को गंवाने वाला परिवार अब सिर्फ और सिर्फ फांसी की सजा की मांग पर अड़ा हुआ है।

 

READ MORE: श्रीलंका क्रिकेट में बड़ा भूचाल, धनंजय डी सिल्वा ने अचानक छोड़ी टेस्ट कप्तानी, इस दिग्गज को मिल सकती है कमान!

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments