दुनियाभर में लोकप्रिय डिजाइन प्लेटफॉर्म Canva ने अपने कर्मचारियों की संख्या में बड़ी कटौती करने का फैसला किया है। कंपनी के इस कदम से 1,271 कर्मचारी प्रभावित होंगे, जो कुल वर्कफोर्स का करीब 22 फीसदी है। CEO और को-फाउंडर मेलानी पर्किन्स ने 4 नवंबर को कर्मचारियों को भेजे संदेश में इसे कंपनी के 13 साल के इतिहास का सबसे मुश्किल दौर बताया। हालांकि, सभी प्रभावित कर्मचारियों की नौकरी नहीं जाएगी। कुछ की जिम्मेदारियां बदली जाएंगी, जबकि कुछ को दूसरे शहर में शिफ्ट होने का विकल्प दिया जा सकता है।
धीमी ग्रोथ बनी वजह
पर्किन्स के मुताबिक, एक दशक में पहली बार Canva के कारोबार की रफ्तार धीमी हुई है। कंपनी ने मौजूदा साल को अब तक का सबसे कठिन साल बताया है। उनका कहना है कि अगले दशक की चुनौतियों के लिए कामकाज के ढांचे में बड़े बदलाव जरूरी हैं। कंपनी छोटी और अधिक स्वतंत्र टीमें बनाना चाहती है, ताकि फैसले तेजी से लिए जा सकें और जिम्मेदारियां स्पष्ट रहें। CEO ने AI को छंटनी की सीधी वजह नहीं बताया है, हालांकि यह फैसला ऐसे समय आया है जब डिजाइन और सॉफ्टवेयर क्षेत्र में AI टूल्स का इस्तेमाल बढ़ रहा है।
सिडनी में बढ़ेगा कामकाज
Canva प्रोडक्ट, ग्रोथ और प्लेटफॉर्म टीमों को एक ही संगठन के तहत लाएगी। साथ ही मैनेजमेंट की परतें घटाकर कुछ भूमिकाओं को मिलाया जाएगा, ताकि टीमें प्रोजेक्ट की शुरुआत से अंत तक जिम्मेदारी संभाल सकें। कंपनी कुछ टीमों को सिडनी में केंद्रित करने की योजना बना रही है। जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को वहां स्थानांतरित किया जा सकता है, जिसके लिए सहायता दी जाएगी। जनवरी से ज्यादातर हाइब्रिड कर्मचारियों को सप्ताह में दो से तीन दिन ऑफिस आना होगा।
नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को कम से कम छह महीने की सैलरी और कानूनी भुगतान मिलेगा। इसके अलावा करियर कोचिंग, इंटरव्यू की तैयारी और एक साल का LinkedIn Premium दिया जाएगा। कर्मचारी अपना कंपनी MacBook भी रख सकेंगे। कुछ लोगों को नया कारोबार या सामुदायिक प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए 10,000 डॉलर की ग्रांट के लिए आवेदन करने का मौका मिलेगा।
Read More
तुषार कपूर के बाद आयुष्मान खुराना को मिली धमकी! करोड़ों की फिरौती मांगने से मचा हड़कंप

