HomeBreaking Newsकिशनगंज में दर्दनाक हादसा! मिट्टी का टीला ढहने से 2 सगी बहनों...

किशनगंज में दर्दनाक हादसा! मिट्टी का टीला ढहने से 2 सगी बहनों समेत 3 मासूम बच्चियों की मौत

बिहार(Bihar) के किशनगंज जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बुधवार को मिट्टी का टीला ढहने से तीन छोटी बच्चियों की जान चली गई। तीनों बच्चियां घर की लिपाई-पोताई के लिए मिट्टी लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा उनके ऊपर गिर पड़ा और वे उसके नीचे दब गईं। हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

यह हादसा किशनगंज की दिघलबैंक पंचायत के सुल्तानगंज गांव में हुआ। मृत बच्चियों की पहचान नगमा प्रवीण (10), उसकी छोटी बहन निशा प्रवीण (9) और रूबी खातून (8) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चियां घर की दीवारों की लिपाई-पोताई के लिए गांव के पास मिट्टी खोदने गई थीं। वे एक बड़े मिट्टी के टीले के निचले हिस्से से मिट्टी निकाल रही थीं। तभी अचानक पूरा टीला भरभराकर उनके ऊपर गिर गया। मिट्टी का दबाव इतना अधिक था कि तीनों बच्चियां बाहर नहीं निकल सकीं।

ग्रामीणों ने फावड़े और कुदाल से किया बचाव कार्य

हादसे की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बच्चियों को बचाने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने फावड़े और कुदाल की मदद से मिट्टी हटानी शुरू की। काफी मेहनत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। उन्हें चिकित्सा केंद्र ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन भारी मिट्टी में दबने और दम घुटने के कारण उनकी मौत हो चुकी थी।

इस हादसे में जान गंवाने वाली नगमा और निशा सगी बहनें थीं। एक साथ दोनों बेटियों को खोने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, रूबी खातून की मौत से उसके परिवार में भी मातम छाया हुआ है। तीन मासूमों की मौत से पूरा गांव सदमे में है।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से बातचीत की। बताया गया कि परिजन गहरे सदमे में हैं और उन्होंने पोस्टमार्टम समेत आगे की कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने से इनकार किया है।

अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों को मौके पर भेज दिया गया था। प्रशासन परिवारों से बातचीत कर रहा है और मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है।

यह भी पढ़ें : 20 महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा, 3 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, दिल्ली EOW…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments