Constitution Day 2026: संविधान दिवस के अवसर पर आज, 26 नवंबर को राजधानी दिल्ली में ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे, जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल्यों और संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया जाएगा।
सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे होगा आयोजन
दिल्ली में ‘संविधान गौरव दिवस’ का कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम का समय दोपहर 3:30 बजे निर्धारित किया गया है। इस दौरान अमित शाह कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल होकर संविधान के महत्व और उसके मूल्यों पर अपनी बात रखेंगी।
भाजपा देश के तीन शहरों में करेगी आयोजन
भारतीय जनता पार्टी की ओर से संविधान दिवस के मौके पर अहमदाबाद, नई दिल्ली और पटना में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के महत्व और इसके प्रमुख शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया जाएगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों को संबोधित करेंगे।
अहमदाबाद में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे जेपी नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह दोपहर 3:55 बजे सारंगपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे पालडी स्थित टैगोर हॉल में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
पटना में नितिन नवीन करेंगे कार्यक्रम को संबोधित
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी संविधान गौरव दिवस के अवसर पर पटना में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह दोपहर 3 बजे गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन सभागार में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
26 नवंबर को क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?
भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। दरअसल, 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान देशभर में लागू हुआ और भारत एक गणराज्य बना। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक करना और लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता व न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों की याद दिलाना है।
Read More:

