HomeBreaking Newsरिलीज से 22 दिन पहले 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का धमाका! ट्रेलर ने बनाया...

रिलीज से 22 दिन पहले ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का धमाका! ट्रेलर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, भारत में एडवांस बुकिंग 61 करोड़ पार

Avengers Doomsday Records: हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों में शामिल ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म ने सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही व्यूज और एडवांस बुकिंग के मामले में बड़े रिकॉर्ड बना दिए हैं। खास बात यह है कि फिल्म के फाइनल ट्रेलर ने रिलीज के महज 24 घंटे में 563 मिलियन यानी 56.3 करोड़ व्यूज हासिल किए हैं। वहीं, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसकी एडवांस बुकिंग का ग्रॉस कलेक्शन 61 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।

दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मूवी ट्रेलर बना

‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ के फाइनल ट्रेलर ने रिलीज के पहले 24 घंटे में 563 मिलियन व्यूज हासिल कर इतिहास रच दिया है। इसके साथ ही यह दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मूवी ट्रेलर बन गया है।

डेडलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह डिज्नी के इतिहास का भी सबसे ज्यादा देखा जाने वाला ट्रेलर बन चुका है। इसने फिल्म के पहले टीजर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसे रिलीज के शुरुआती 24 घंटों में 503 मिलियन व्यूज मिले थे। वहीं, साल 2024 में रिलीज हुई ‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ के सुपर बाउल टीजर को 365 मिलियन व्यूज मिले थे।

इस लिस्ट में पहला स्थान अभी भी ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के ट्रेलर के नाम है। इसे पहले 24 घंटे में 718.6 मिलियन व्यूज मिले थे। हालांकि, दोनों फिल्मों के ट्रेलर रिलीज करने का तरीका अलग था। ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ का ट्रेलर अंतरराष्ट्रीय प्रमोशन के साथ लॉन्च किया गया था, जबकि ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का ट्रेलर अचानक रिलीज किया गया। इसके बावजूद ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ के फाइनल ट्रेलर को मिले व्यूज ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के फाइनल ट्रेलर से तीन गुना से भी ज्यादा हैं। स्पाइडर-मैन के फाइनल ट्रेलर को पहले 24 घंटे में 131 मिलियन व्यूज मिले थे।

भारत में एडवांस बुकिंग 61 करोड़ के पार

भारत में फिल्म की एडवांस बुकिंग भी तेजी से आगे बढ़ रही है। अब तक सभी दिनों की टिकट बिक्री से फिल्म ने 61.19 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। वहीं, ब्लॉक की गई सीटों को हटाने के बाद इसका नेट कलेक्शन 53.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

24 नवंबर के बाद से एडवांस बुकिंग में 7.72 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यानी टिकटों की बिक्री में करीब 14 फीसदी का उछाल आया है. माना जा रहा है कि फाइनल ट्रेलर रिलीज होने के बाद दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा है।

ओपनिंग डे के लिए सबसे ज्यादा टिकटों की बिक्री

फिल्म के पहले दिन यानी गुरुवार, 17 दिसंबर के लिए सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग हुई है। अब तक ओपनिंग डे के लिए 25.94 करोड़ रुपये के टिकट बिक चुके हैं।

वहीं, शुरुआती वीकेंड के दौरान भी फिल्म की मजबूत पकड़ दिखाई दे रही है। शुक्रवार, 18 दिसंबर के लिए 13.01 करोड़ रुपये और शनिवार, 19 दिसंबर के लिए 12.57 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। रविवार, 20 दिसंबर के लिए भी टिकटों की मांग बनी हुई है और इसका आंकड़ा 9.68 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

अंग्रेजी वर्जन की सबसे ज्यादा डिमांड

भारत में ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी। हालांकि, एडवांस बुकिंग के मामले में अंग्रेजी वर्जन सबसे आगे चल रहा है।

फिल्म के कुल ग्रॉस एडवांस कलेक्शन में अंग्रेजी वर्जन की हिस्सेदारी 51.36 करोड़ रुपये यानी करीब 84 फीसदी है। हिंदी और तमिल वर्जन की टिकट बिक्री में भी तेजी देखने को मिल रही है।

फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह भारत में 100 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग का आंकड़ा पार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली हॉलीवुड फिल्म बन जाएगी।

डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे रॉबर्ट डाउनी जूनियर

एंथनी और जो रूसो के निर्देशन में बनी ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की कहानी और स्टारकास्ट भी दर्शकों के आकर्षण का बड़ा कारण है। फिल्म में अवेंजर्स, एक्स-मेन और फैंटास्टिक फोर जैसे लोकप्रिय सुपरहीरो यूनिवर्स के किरदार एक साथ नजर आएंगे।

फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण रॉबर्ट डाउनी जूनियर हैं। वह इस बार आयरन मैन के रूप में नहीं, बल्कि खतरनाक विलेन डॉक्टर डूम के किरदार में दिखाई देंगे। यही वजह है कि मार्वल के प्रशंसक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Read More:

माघ मेले में पहली बार तैनात होगा एंटी ड्रोन सिस्टम, 6 KM के दायरे में 24 घंटे रहेगी निगरानी

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments