HomeBreaking Newsपंजाब कर्मभूमि एक्सप्रेस में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, चार बोगियां जलकर...

पंजाब कर्मभूमि एक्सप्रेस में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, चार बोगियां जलकर खाक

पंजाब(Punjab) के राजपुरा के पास शुक्रवार को कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन संख्या 12408 के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए। घटना के बाद ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डिब्बों से धुआं निकलता देख यात्रियों ने अपना सामान लेकर बाहर निकलने की कोशिश की। एहतियात के तौर पर ट्रेन को राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, राजपुरा के पास सराय बंजारा इलाके में ट्रेन के इंजन से पांचवें डिब्बे की ओर धुआं दिखाई देने लगा। देखते ही देखते आग ने चार डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, ट्रेन का सेफ्टी सिस्टम सक्रिय होने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से रोक दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं मिली। हालांकि, कुछ यात्रियों का सामान जलने से नुकसान हुआ है।

पंखे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

जीआरपी के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक डिब्बे में लगे पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी थी। इसके बाद आग दूसरे डिब्बों तक फैल गई।

आग को आगे फैलने से रोकने के लिए रेलवे कर्मचारियों ने प्रभावित बोगियों को ट्रेन से अलग कर दिया। मौके पर दमकल की गाड़ियां भी पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

कई ट्रेनों के रूट में किया गया बदलाव

इस घटना का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। ट्रेन संख्या 12408 में आग लगने के कारण सानेहवाल और अंबाला के बीच रेल मार्ग पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ अप और डाउन ट्रेनों के रास्ते बदल दिए गए। फिलहाल रेलवे प्रशासन घटना की जांच कर रहा है। त्योहार के दौरान घर लौट रहे यात्रियों के लिए यह घटना काफी परेशान करने वाली रही।

यह भी पढ़ें : 18 महीने से बीमार नन्ही हथिनी ‘माया’ को मिली नई उम्मीद, इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments