Florida Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के पाम बीच काउंटी में 1 नवंबर को एक भीषण विमान हादसा हुआ। बहामास जा रहा Learjet 60 विमान अचानक आसमान से तेजी से नीचे आया और सड़क पर जोरदार टक्कर के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और घटनास्थल पर आग का बड़ा गोला दिखाई दिया। विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। हालांकि जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के मारे जाने की सूचना नहीं है।
टेक्सास से बहामास के लिए भरी थी उड़ान
अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, Learjet 60 ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए उड़ान भरी थी। हादसे से कुछ मिनट पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया था कि विमान पर बर्फ जम रही है। उस समय बाहर का तापमान माइनस 47 डिग्री सेल्सियस था।
700 फीट तक ऊपर-नीचे हो रहा था विमान
पायलट के मुताबिक विमान तेज हवा के झटकों और मीडियम टर्बुलेंस का सामना कर रहा था। हवा के झटकों की वजह से विमान करीब 700 फीट तक ऊपर-नीचे हो रहा था। शुरुआत में पायलट ने बताया कि विमान पर जम रही हल्की बर्फ को संभाला जा सकता है, लेकिन कुछ ही देर बाद परिस्थितियां तेजी से बिगड़ने लगीं।
20 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे आया
रेडियो बातचीत की रिकॉर्डिंग के मुताबिक, विमान के आसपास बारिश शुरू होने के बाद पायलट ने ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति मांगी। इसके तुरंत बाद उसने इमरजेंसी घोषित कर दी। पायलट ने बताया कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। उसने कहा कि विमान 8,000 फीट की ऊंचाई से नीचे आ रहा है और उसकी गिरने की रफ्तार 10,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच चुकी है।
एक मिनट में गंवाई करीब 27 हजार फीट ऊंचाई
कुछ ही पलों बाद पायलट ने विमान के 20,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे आने की जानकारी दी और कहा कि विमान जमीन से टकराने वाला है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ADS-B Exchange के आंकड़ों के मुताबिक विमान ने महज एक मिनट में करीब 27,000 फीट की ऊंचाई गंवा दी। इसके बाद विमान का ट्रैकिंग डेटा मिलना बंद हो गया।
सड़क पर बना बड़ा गड्ढा
विमान पाम बीच काउंटी में मिलिट्री ट्रेल के पास सड़क पर गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क का एक हिस्सा धंस गया और वहां बड़ा गड्ढा बन गया। विमान का मलबा आसपास के इलाके में फैल गया। हादसे के कारण मोबाइल होम पार्क का प्रवेश मार्ग भी बंद हो गया।
करीब 600 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियातन करीब 600 लोगों को उनके घरों से बाहर निकाला। सभी को दो अस्थायी राहत केंद्रों में पहुंचाया गया। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने हादसे को बेहद दुखद बताया है।
FAA और NTSB कर रहे हादसे की जांच
विमान हादसे की जांच अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) कर रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे की असली वजह विमान पर जमी बर्फ, खराब मौसम या किसी तकनीकी खराबी में से क्या थी। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
Read More:

