HomeBreaking News1 November Rule Changes: LPG से बैंक चार्ज तक... आज से बदल...

1 November Rule Changes: LPG से बैंक चार्ज तक… आज से बदल गए कई नियम, पेंशनर्स से निवेशकों तक किसकी जेब पर पड़ेगा असर?

Rule Change 1st November: नवंबर की शुरुआत के साथ पैसों और रोजमर्रा के काम से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव 1 नवंबर 2026 से लागू हो गए हैं। कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है, जबकि म्यूचुअल फंड, GST और बैंकिंग से जुड़े नियमों में भी बदलाव हुआ है। इसके अलावा सरकारी पेंशन पाने वालों को इस महीने लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होगा। PNB और IndusInd Bank के ग्राहकों के लिए भी कुछ नए शुल्क लागू किए गए हैं।

कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा

त्योहारी सीजन में कारोबारियों की लागत बढ़ाने वाला एक और बदलाव हुआ है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें देश के प्रमुख शहरों में 1 नवंबर से लागू हो गई हैं। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

म्यूचुअल फंड में Direct Plan डिफॉल्ट

SEBI के नए नियम के तहत 1 नवंबर से एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMCs) के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर म्यूचुअल फंड का Direct Plan डिफॉल्ट ऑप्शन हो गया है। SEBI चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने NDTV Profit Ignite में इसकी जानकारी दी थी। अगर निवेशक Regular Plan चुनते हैं तो उन्हें पहले उसके ज्यादा एक्सपेंस रेश्यो की जानकारी दी जाएगी, जिससे दोनों प्लान के खर्च की तुलना करना आसान होगा।

GST के नियमों में भी बदलाव

1 नवंबर से GST से जुड़े कुछ प्रावधानों में बदलाव हुआ है। इनमें बिक्री के बाद मिलने वाली छूट (Post-Supply Discount), क्रेडिट नोट और GST रिफंड से संबंधित नियम शामिल हैं। पोस्ट-सेल छूट को टैक्सेबल वैल्यू से घटाने के लिए अब उससे जुड़े इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) को रिवर्स करना होगा। वहीं, इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर वाले कारोबारियों के लिए प्रोविजनल रिफंड की व्यवस्था की गई है, जिसका उद्देश्य कारोबारियों का कैश फ्लो बेहतर करना है।

पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जरूरी

सरकारी पेंशन पाने वाले 80 साल से कम उम्र के पेंशनर्स को 1 से 30 नवंबर 2026 के बीच अपना सालाना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होगा। 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के पेंशनर्स के लिए यह प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। पेंशनर्स बैंक जाकर या जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) के जरिए आधार और फेस ऑथेंटिकेशन से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। वहीं, UPS सब्सक्राइबर्स के लिए PFRDA ने UPS Jeevan Setu डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की सुविधा शुरू की है, जिसके लिए Protean eGov ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।

ITR फाइल करने की तारीख बढ़ी

असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए कुछ ऑडिट वाले टैक्सपेयर्स को राहत दी गई है। कारोबारियों, प्रोफेशनल्स और फर्मों के लिए ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 कर दी गई है। यह राहत उन टैक्सपेयर्स को मिलेगी, जिन्होंने 21 अक्टूबर तक अपनी टैक्स ऑडिट रिपोर्ट दाखिल कर दी है।

PNB क्रेडिट कार्ड के चार्ज बदले

PNB ने अपने Visa और RuPay क्रेडिट कार्ड पर कई शुल्कों में बदलाव किया है। अब PNB ATM से कैश निकालने पर 2.5% या 400 रुपये, जो भी ज्यादा हो, चार्ज लगेगा। दूसरे घरेलू ATM पर यह शुल्क 2.5% या 500 रुपये होगा। लेट पेमेंट फीस में भी बदलाव किया गया है। 500 रुपये तक के बकाया पर कोई फीस नहीं लगेगी, जबकि 50,000 रुपये से ज्यादा बकाया होने पर अधिकतम 1,200 रुपये देने होंगे। एक बिलिंग साइकिल में 50,000 रुपये से ज्यादा के यूटिलिटी बिल पेमेंट पर 1% चार्ज लगेगा, जिसकी अधिकतम सीमा 2,000 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन है। चेक रिटर्न और ECS/ऑटो-डेबिट फेल होने के शुल्क भी बदले गए हैं।

IndusInd Bank में फेल ट्रांजैक्शन पर चार्ज

IndusInd Bank ने Indus Delite, Indus Digi-start, Indus Online-Min Bal Required और Indie (Star, Superstar, Megastar) सेविंग अकाउंट के लिए नए शुल्क लागू किए हैं। अब खाते में पर्याप्त पैसे नहीं होने पर POS ट्रांजैक्शन फेल होने पर 25 रुपये और बैंक ATM से फेल ट्रांजैक्शन पर भी 25 रुपये देने होंगे। वित्तीय कारणों के अलावा अन्य कारणों से चेक लौटने पर 50 रुपये प्रति चेक शुल्क लगेगा। इन सभी शुल्कों पर GST अलग से देना होगा। पहले इन सेवाओं पर कोई शुल्क नहीं लगता था।

Read More:

UP बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 20 से ज्यादा प्रकोष्ठों के संयोजक-सहसंयोजक घोषित, जानें किसे मिली क्या जिम्मेदारी?

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments