HomeBreaking Newsपंजाब में पाकिस्तान से हथियार तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़, 11 आरोपी...

पंजाब में पाकिस्तान से हथियार तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

पंजाब(Punjab) के अमृतसर में पुलिस ने सीमा पार से चल रहे हथियार और नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नरेट की टीमों ने दो अलग-अलग ऑपरेशन के दौरान कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 आधुनिक पिस्तौल, दो जिंदा हैंड ग्रेनेड और 33 कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा 310.10 ग्राम हेरोइन और चोरी की एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर रंजीत एवेन्यू, सुल्तानविंड और छेहरटा इलाकों में कार्रवाई की गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि पाकिस्तान में बने हथियार ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजे जा रहे थे। इसके बाद स्थानीय तस्कर इन खेपों को उठाकर पंजाब के अलग-अलग इलाकों में पहुंचाते थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद दो हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किसी संवेदनशील स्थान या खास व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था। समय रहते हथियारों की बरामदगी कर पुलिस ने संभावित टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम करने का दावा किया है।

11 आरोपियों में दो नाबालिग

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में छह के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। ज्यादातर आरोपी 18 से 24 साल की उम्र के बताए जा रहे हैं। शुरुआती जांच के मुताबिक, इनमें कुछ लोग मजदूरी और पुताई का काम करते थे, जिन्हें पैसों का लालच देकर तस्करी के काम में शामिल किया गया।

दुबई में बैठे तस्कर और गैंगस्टर से जुड़े तार

पुलिस जांच में इस नेटवर्क के संबंध दुबई में मौजूद तस्कर करन और गैंगस्टर हैप्पी जट्ट से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस का आरोप है कि करन पाकिस्तान से हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाता था जबकि स्थानीय स्तर पर उनकी सप्लाई का काम हैप्पी जट्ट के निर्देशों पर किया जाता था।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हथियारों की खेप लेने वाले और आगे सप्लाई करने वाले अन्य लोगों की पहचान हो सके। साथ ही पाकिस्तान और दुबई में बैठे कथित तस्करों से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पिछले दो महीनों में यह हथियारों की सातवीं बड़ी बरामदगी है।

यह भी पढ़ें : दिल्ली में प्रदूषण का खतरनाक स्तर, AQI पहुंचा 450 के पार, सांस लेना हुआ मुश्किल…

RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments