HomeBreaking Newsचंडीगढ़ पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, आज चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना...

चंडीगढ़ पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, आज चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस समारोह में होंगे शामिल, करोड़ों की देंगे सौगात

Amit Shah Chandigarh Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार शाम चंडीगढ़ पहुंच गए। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गृह मंत्री पंचकूला के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने रात्रि ठहराव किया। अमित शाह आज 1 नवंबर को चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

पुलिस स्थापना दिवस समारोह में लेंगे परेड की सलामी

गृह मंत्री सुबह करीब 10.30 बजे सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां आयोजित समारोह में चंडीगढ़ पुलिस की विभिन्न टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेंगी। अमित शाह परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इसके अलावा वह चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति की ओर से स्वीकृत प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ प्रदान करेंगे। यह सम्मान पुलिस बल की सेवाओं और उत्कृष्ट कार्यों की पहचान के तौर पर दिया जाता है।

141 नए पुलिस वाहनों को दिखाएंगे हरी झंडी

समारोह के दौरान पुलिस के आधुनिकीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पुलिस बेड़े में शामिल किए जा रहे 141 नए वाहनों को भी अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे। पुलिस लाइन में आयोजित यह कार्यक्रम दोपहर करीब एक बजे तक चलेगा। गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ और पंचकूला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

दोपहर 2 बजे तिरंगा पार्क में जनसभा

पुलिस लाइन के कार्यक्रम के बाद अमित शाह दोपहर 2 बजे सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क पहुंचेंगे। यहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी मौजूद रहेंगे। उनके अलावा चंडीगढ़ के मुख्य सचिव, राज्यसभा सांसद सतनाम संधू और मेयर सौरभ जोशी मंच पर उपस्थित रहेंगे।

मंच पर होंगी पांच कुर्सियां

जनसभा के मंच पर केवल पांच कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है। इनमें गृह मंत्री अमित शाह, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, मुख्य सचिव, सांसद सतनाम संधू और मेयर सौरभ जोशी बैठेंगे। चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी को भी कार्यक्रम का निमंत्रण भेजा गया है, लेकिन वह इसमें शामिल नहीं होंगे और रविवार को दिल्ली में रहेंगे। तिरंगा पार्क में जनसभा दोपहर तीन बजे तक निर्धारित है। इसके बाद गृह मंत्री दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

करोड़ों की देंगे सौगात

अमित शाह के दौरे के दौरान चंडीगढ़ में कुल 258 करोड़ रुपये की नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास प्रस्तावित है। इनमें 80 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं का उद्घाटन और 178 करोड़ रुपये की सात परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

80 करोड़ की दो परियोजनाओं का उद्घाटन

सरकारी हाई स्कूल, सारंगपुर की 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजना और सीटीयू बस डिपो, रायपुर कलां की 68 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा।

178 करोड़ की सात परियोजनाओं का शिलान्यास

धनास में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लिए 192 टाइप-3 मकानों का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत 84 करोड़ रुपये है। पीजीआई-पंजाब यूनिवर्सिटी पैदल सबवे का निर्माण 12 करोड़ रुपये की लागत से होगा। सेक्टर-49 में 21 करोड़ रुपये की लागत से नया पुलिस स्टेशन बनाया जाएगा। सीसीईटी सेक्टर-26 बॉयज हॉस्टल के निर्माण पर 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

पीजीजीसी सेक्टर-46 जिम्नेजियम हॉल के निर्माण की लागत 11 करोड़ रुपये होगी। सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 20 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेडेशन किया जाएगा। वहीं, शहर के प्रवेश मार्गों पर 15 सुरक्षा चौकियों का निर्माण किया जाएगा, जिस पर 5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

Read More:

ट्रैफिक चालान का फर्जी SMS बना 10 करोड़ की ठगी का जाल, दिल्ली पुलिस ने किया पर्दाफाश, 5 शातिर गिरफ्तार

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments