Rohtash Murder Case: मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में पुलिस ने रोहताश हत्याकांड के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान विशाल उर्फ विकास पुत्र होरीलाल, निवासी ग्राम महोली, थाना हाईवे, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है।
28 अक्टूबर को हुई थी हत्या
महोली गांव में 28 अक्टूबर को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में थाना हाईवे पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विकास ने शराब के लिए रुपये न देने पर कथित तौर पर हत्याकांड को अंजाम दिया था।
रात 11:15 बजे पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी पालीखेड़ा से महोली की ओर आने वाले रास्ते पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर पुलिस को बाइक सवार एक युवक आता दिखाई दिया।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
पुलिस ने बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की काली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस के हाथ लगी है।
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
गोली लगने के बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Read More:


[…] […]