HomeBreaking Newsनोएडा में लिफ्ट के बहाने लूट का खेल बेनकाब, पुलिस मुठभेड़ में...

नोएडा में लिफ्ट के बहाने लूट का खेल बेनकाब, पुलिस मुठभेड़ में 4 बदमाश गिरफ्तार, 2 को लगी गोली

नोएडा(Noida) में लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाकर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रविवार देर रात सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।

पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात सेक्टर-63 थाने की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन आरोपी रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने लगे।पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। बहलोलपुर अंडरपास से आगे ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।

दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

घायल आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी विकास उर्फ कालू और नोएडा के बसई निवासी राजेश उर्फ ढेडा के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर इनके दो अन्य साथियों शंकर शर्मा और कपिल कश्यप को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से दो अवैध चाकू और एक अपाचे मोटरसाइकिल मिली है।

लिफ्ट देकर सुनसान रास्तों पर करते थे लूटपाट

पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते थे। इसके बाद उन्हें सुनसान रास्तों पर ले जाकर लूटपाट करते और फिर वहीं छोड़कर फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से मिली बुलेट मोटरसाइकिल थाना फेस-3 में दर्ज एक मुकदमे से जुड़ी है। वहीं, अपाचे बाइक का संबंध सेक्टर-49 थाने में दर्ज एक मामले से बताया गया है।

तीन आरोपियों पर दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विकास उर्फ कालू पर 22, राजेश उर्फ ढेडा पर 18 और शंकर शर्मा पर 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े अपराध शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उनके गिरोह में कोई अन्य सदस्य भी शामिल है या नहीं।

यह भी पढ़ें : मथुरा में पुलिस मुठभेड़, रोहताश हत्याकांड का मुख्य आरोपी विकास गोली लगने से…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments