Amit Shah Haryana Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरियाणा के करनाल और अंबाला दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करनाल में भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत आयोजित पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। इसके बाद अंबाला छावनी पहुंचकर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को समर्पित राष्ट्रीय शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे। करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्मारक के लोकार्पण के बाद वह गांधी ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
भाजपा की पदयात्रा
भाजपा की ओर से यह अभियान कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों और उसकी ओर से चलाए जा रहे अभियान के जवाब में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी ने इसे ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ नाम दिया है। इसी अभियान के तहत अमित शाह करनाल में पैदल यात्रा निकालेंगे। भाजपा का दावा है कि इस पदयात्रा में करीब 25 हजार लोग शामिल होंगे।
करनाल में डेढ़ घंटे रहेंगे अमित शाह
अमित शाह करनाल में करीब डेढ़ घंटे तक रुकेंगे। उनका हेलिकॉप्टर दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के मैदान में उतरेगा। यहां से वह सड़क मार्ग के जरिए सेक्टर-12 स्थित लालबत्ती चौक पहुंचेंगे। इसके बाद लघु सचिवालय लालबत्ती से कर्ण कैनाल तक पदयात्रा करेंगे। इस दौरान वह शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे और स्थानीय लोगों को संबोधित भी करेंगे।
पदयात्रा में शामिल होंगे भाजपा के कई बड़े नेता
इस कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा भाजपा की प्रभारी स्मृति ईरानी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन के साथ प्रशासन और पुलिस ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
अंबाला में 800 करोड़ के शहीद स्मारक का लोकार्पण
करनाल में पदयात्रा पूरी करने के बाद अमित शाह अंबाला छावनी पहुंचेंगे। यहां करीब 22 एकड़ क्षेत्र में 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राष्ट्रीय शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे। यह स्मारक 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को समर्पित है। इसे एशिया के सबसे बड़े शहीद स्मारकों में शामिल बताया जा रहा है। स्मारक के उद्घाटन को लेकर लंबे समय से तैयारियां की जा रही थीं।
गांधी ग्राउंड में होगी प्रदेशस्तरीय रैली
शहीद स्मारक के लोकार्पण के बाद अमित शाह अंबाला छावनी के गांधी ग्राउंड में आयोजित प्रदेशस्तरीय विशाल रैली को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के लिए 100 फीट लंबा और 40 फीट ऊंचा मंच तैयार किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर 75 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रदेश के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज कई दिनों से आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने भी कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल ली है।
दौरे से पहले CM सैनी ने की अमित शाह से मुलाकात
अमित शाह के हरियाणा दौरे से एक दिन पहले बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद गुरुवार को होने वाले दोनों कार्यक्रमों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गईं।
Read More:
नाबालिग के यौन शोषण के आरोप में केरलम के इस्लामिक गुरु मुहम्मद नियास जुहारी गिरफ्तार

