HomeBreaking Newsदिल्ली में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 7000 किलो खोया जब्त, CM रेखा...

दिल्ली में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 7000 किलो खोया जब्त, CM रेखा गुप्ता ने किया निरीक्षण

त्योहारों के मौसम में दिल्ली के बाजारों में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को विभाग की टीम ने मोरी गेट स्थित खोया मंडी में छापेमारी कर करीब 7000 किलो सड़ा-गला और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त किया। जांच के बाद इसे नष्ट कराया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरे अभियान की जानकारी ली।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खोया मंडी से 44 निगरानी नमूने एकत्र किए। इनकी मौके पर खाद्य सुरक्षा जांच वाहन के माध्यम से शुरुआती जांच की गई। इसमें 35 नमूने फेल पाए गए, जबकि दो अन्य नमूनों को विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। शुरुआती जांच में खोये में दूध पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले पदार्थों की मिलावट के संकेत मिले हैं।

देसी घी के नमूनों में भी मिली गड़बड़ी

खोये के अलावा बाजार में बिक रहे देसी घी की गुणवत्ता को लेकर भी खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में चिंताजनक स्थिति सामने आई है। विभाग के मुताबिक, घी के 59 नमूनों की जांच में 19 नमूने मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए। वहीं, चार नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा 29 अक्टूबर को भोगल, नजफगढ़ और शिव विहार में भी छापेमारी की गई थी। इस दौरान 948.9 लीटर घी जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान लिए गए 15 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनकी अंतिम रिपोर्ट अभी आना बाकी है।

दो महीने में 290 खाद्य नमूनों की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग ने पिछले दो महीनों में मिलावट के खिलाफ 30 अभियान चलाए। इस दौरान कुल 290 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 85 नमूने असुरक्षित या निर्धारित गुणवत्ता मानकों से कम पाए गए। इन अभियानों के तहत 4000 किलो से अधिक खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

ये आंकड़े बताते हैं कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत है। नकली खोया, पनीर और देसी घी की बिक्री लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

अब तक 10,660 किलो खोया कराया गया नष्ट

मोरी गेट खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग का यह चौथा अभियान था। इससे पहले 4 सितंबर को 2830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट कराया गया था। मंगलवार की कार्रवाई में करीब 7000 किलो खोया नष्ट किए जाने के बाद अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट कराया जा चुका है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की खुशियों में जहर घोलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मिलावटखोर कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान लगातार जारी रखा जाए और संदिग्ध खाद्य सामग्री को बाजार तक पहुंचने से रोका जाए।

Read More

दिवाली पर CM योगी का महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान, 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगी सिलेंडर सब्सिडी

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments