सऊदी अरब की राजधानी रियाद में यमन के हूती विद्रोहियों ने बड़ा हमला करते हुए कई घातक बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इस हमले का मुख्य निशाना रियाद का प्रमुख किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट बना, जहाँ भीषण धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई। फ्लाइट-ट्रैकिंग सर्विस ‘फ्लाइटराडार24’ के अनुसार, हमले के तुरंत बाद एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और सभी लैंडिंग व टेक-ऑफ रोक दी गई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एयरपोर्ट परिसर से धुएं का गुबार उठता देखा गया और यात्रियों को अपना सामान छोड़कर तुरंत बाहर निकलने के निर्देश दिए गए। दिल्ली से रियाद जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट (AI2243) को आधे रास्ते से ही वापस दिल्ली मोड़ दिया गया।
3 लोगों की मौत और 36 घायल
सऊदी अधिकारियों और हूती प्रवक्ता याह्या सारी के बयानों के मुताबिक, हूतियों द्वारा किए गए हवाई हमलों में अब तक कुल तीन विदेशी नागरिकों की जान जा चुकी है और 36 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। किंग खालिद एयरपोर्ट पर हुए हमले में सूडान के एक नागरिक की मौत हुई और आठ घायल हुए, जबकि आभा एयरपोर्ट पर हुए हमले में मोरक्को और अल्जीरिया के निवासियों की मौत हो गई व 28 अन्य घायल हो गए। हूती प्रवक्ता ने पुष्टि की कि 3 अक्टूबर के बाद से वे सऊदी अरब में 14 सैन्य अभियान चला चुके हैं और उन्होंने मक्का-मदीना को छोड़कर पूरे सऊदी हवाई क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी है।
मक्का पैक्ट एक्टिवेट
सऊदी अरब पर बढ़ते संकट के बीच ‘मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट’ के तहत सामूहिक रक्षा व्यवस्था को लागू कर दिया गया है, जिसके बाद पाकिस्तान और तुर्की की सेनाएं भी इस युद्ध में सऊदी अरब की ओर से आधिकारिक रूप से शामिल हो गई हैं। हालांकि, गठबंधन के प्रवेश के बावजूद हूती विद्रोही बिना रुके लगातार हमले कर रहे हैं। दूसरी ओर, यमन में होदेइदाह एयरपोर्ट के पास भी जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गया है।
सऊदी गठबंधन का पलटवार
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए यमन की राजधानी सना में हूतियों के उस लॉन्चिंग प्लेटफॉर्म को नष्ट कर दिया है, जहाँ से रियाद पर मिसाइलें दागी गई थीं। गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-माल्की ने बताया कि सऊदी और सहयोगी यमनी सेना ने बाब अल-मंदेब और लाल सागर तट पर हूतियों द्वारा कब्जाए गए इलाकों को वापस लेने के लिए जमीनी और हवाई हमला तेज कर दिया है। पिछले 24 घंटों में सऊदी लड़ाकू विमानों ने सादा, हज्जा, अमरान और ताइज़ जैसे विद्रोही ठिकानों पर 156 से ज्यादा घातक एयरस्ट्राइक की हैं।
READ MORE: कैंसर की दवाओं पर सरकार का बड़ा फैसला, ट्रेड मार्जिन 30% तक सीमित

