दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने गुरुवार शाम एक अहम आदेश जारी करते हुए 9 और 10 अक्टूबर को राजधानी की सभी शराब दुकानों को पूरी तरह बंद रखने का फैसला लिया है। दिल्ली पुलिस द्वारा दिए गए सुरक्षा इनपुट और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। विभाग के मुताबिक L6, L6FG, L8, L10 और L14 लाइसेंस श्रेणी के तहत आने वाली सभी सरकारी व निजी खुदरा दुकानें इन दो दिनों में बंद रहेंगी। प्रशासन का उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी संभावित उपद्रव को रोकना है।

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस अलर्ट
दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। विपक्षी दलों के जारी विरोध के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया था कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त पद नहीं छोड़ते हैं तो उग्र प्रदर्शन होगा। हालांकि, दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि जंतर-मंतर पर किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन या सभा आयोजित करने की इजाजत नहीं दी गई है।
20,000 सुरक्षा बलों की तैनाती
प्रस्तावित प्रदर्शनों और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। पूरी दिल्ली में 20,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी गैर-कानूनी या अनधिकृत सभा का हिस्सा न बनें। संवेदनशील इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
READ MORE: रियाद एयरपोर्ट पर धुआं ही धुआं! सामान छोड़कर भागे यात्री, दिल्ली से जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट आधे रास्ते से लौटी