उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले सपा के तीन बागी विधायक आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। आगामी 14 अक्टूबर को अमेठी के गौरीगंज में एक बड़े मेगा जॉइनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जहाँ तीनों विधायक बीजेपी का पटका पहनेंगे। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित राज्य सरकार के कई प्रमुख मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
तीनों बागी विधायकों का अपने क्षेत्रों में दबदबा
बीजेपी में शामिल होने वाले विधायकों में अमेठी की गौरीगंज सीट से लगातार तीसरी बार के विधायक राकेश प्रताप सिंह, जालौन की कालपी सीट से दो बार के विधायक विनोद चतुर्वेदी और अयोध्या की गोसाईंगंज सीट से विधायक अभय सिंह शामिल हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में इन तीनों ने बीजेपी और उसके सहयोगी प्रत्याशियों को पटखनी दी थी। राकेश प्रताप सिंह ने बीजेपी के चंद्र प्रकाश मिश्रा को 6,963 वोटों से, विनोद चतुर्वेदी ने निषाद पार्टी के छोटे सिंह को 2,816 वोटों से और अभय सिंह ने आरती तिवारी को 13,079 वोटों के भारी अंतर से हराया था।
अखिलेश पर तंज और बदलता राजनीतिक समीकरण
राज्यसभा चुनाव के समय से ही बागी रुख अपनाने वाले इन विधायकों के जाने से समाजवादी पार्टी को बुंदेलखंड, अवध और पूर्वांचल क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी बीच सुभासपा अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के चुनावी दावों पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश जी का दावा अब ‘टांय टांय फिस्स’ हो चुका है। 14 अक्टूबर को होने वाली इस मेगा जॉइनिंग को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
READ MORE: रियाद एयरपोर्ट पर धुआं ही धुआं! सामान छोड़कर भागे यात्री, दिल्ली से जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट आधे रास्ते से लौटी