Jaipur Airport: जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में बम होने की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के जयपुर पहुंचते ही यात्रियों को नीचे उतार दिया गया। इस दौरान यात्रियों के बीच विमान को हाईजैक किए जाने की खबर भी फैल गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फ्लाइट में बम की सूचना से मचा हड़कंप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-2030 में बम होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर विमान को जयपुर में आपात स्थिति में उतारा गया। घटना की सूचना मिलते ही जयपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े अधिकारी एयरपोर्ट पहुंच गए।
हाईजैक की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव
बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों को विमान के हाईजैक किए जाने की सूचना भी मिली थी। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय किया गया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में बम होने या हाईजैक की सूचना किसने और किस तरीके से दी थी। सुरक्षा से जुड़े अधिकारी फिलहाल इस मामले में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी देने से बच रहे हैं।
पहले यात्रियों की हुई सघन तलाशी
जयपुर एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से नीचे उतारा गया। इसके बाद यात्रियों की सघन तलाशी ली गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत विमान की जांच शुरू करने से पहले यात्रियों की जांच की गई। इसके बाद विमान के भीतर और यात्रियों के सामान की भी बारीकी से तलाशी ली गई।
विमान और सामान की भी जांच जारी
खबर लिखे जाने तक विमान, यात्रियों या उनके सामान से किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना सामने नहीं आई थी। इसके बावजूद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं। एयरपोर्ट परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
एटीएस और बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा
जानकारी के मुताबिक विमान के क्रू मेंबर की ओर से एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी गई थी। इसके बाद जयपुर में एटीएस से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही एटीएस के अधिकारी जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) को भी मौके पर बुलाया गया। एटीएस और बीडीएस की टीमें विमान के साथ-साथ एयरपोर्ट परिसर में भी चप्पे-चप्पे की तलाशी और जांच कर रही हैं।
फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों की जांच जारी है और बम या हाईजैक की सूचना की वास्तविकता स्पष्ट होने का इंतजार है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि विमान में खतरे की सूचना किस आधार पर मिली और इसका स्रोत क्या था।
Read More:
हमारा लक्ष्य मानक शिक्षा के माध्यम से बच्चों को अपने पैरों पर खड़े होने में सक्षम बनाना – CM मान

