HomeBreaking Newsअग्निवीरों को केंद्र सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी! 75% की होगी सेना में...

अग्निवीरों को केंद्र सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी! 75% की होगी सेना में भर्ती, सेवा कार्यकाल में भी 2 साल की बढ़ोतरी

केंद्र सरकार(Central Government) ने अग्निवीर योजना को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में अग्निवीरों की सेना में भर्ती से जुड़े नियमों में बदलाव की जानकारी सामने आई है। पहले जहां चार साल की सेवा पूरी करने के बाद अधिकतम 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित सेना में शामिल करने का प्रावधान था वहीं अब इस आंकड़े को बढ़ाकर 75 फीसदी करने की बात कही गई है। इस फैसले को लेकर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी गई।

अब तक अग्निवीरों के लिए चार साल की सेवा के बाद अधिकतम 25 प्रतिशत युवाओं को सेना में स्थायी रूप से शामिल करने का प्रावधान था। नई जानकारी के मुताबिक, इस संख्या को बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने का फैसला लिया गया है। बताया गया है कि यह व्यवस्था दो साल के लिए लागू होगी। हालांकि, सेना में चयन के लिए निर्धारित योग्यता और अन्य जरूरी मानकों का पालन करना होगा। इस बदलाव से अग्निवीरों को सेना में आगे भी सेवा देने का अधिक अवसर मिल सकता है।

92 GWh एनर्जी स्टोरेज योजना को मंजूरी

कैबिनेट बैठक में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, सरकार ने 92 GWh क्षमता वाली ग्रिड-स्केल एनर्जी स्टोरेज योजना को मंजूरी दी है। इसमें लगभग 30 GWh बैटरी स्टोरेज और 60 GWh पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य देश में ऊर्जा भंडारण की क्षमता बढ़ाना और बिजली की उपलब्धता को बेहतर बनाना है।

850 फास्ट ट्रैक कोर्ट के विस्तार को हरी झंडी

इसके अलावा, कैबिनेट ने 850 फास्ट ट्रैक कोर्ट को मजबूत करने और उनके विस्तार के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इन अदालतों के माध्यम से बच्चों के यौन शोषण और बलात्कार जैसे गंभीर मामलों की सुनवाई में तेजी लाने का प्रयास किया जाएगा।

सरकार का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए मौजूदा कानूनों को सख्ती से लागू करने के साथ जरूरत पड़ने पर नए कदम भी उठाए जाएंगे। इस तरह कैबिनेट के फैसलों में सेना, स्वच्छ ऊर्जा और महिला-बाल सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments