बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) वाराणसी पहुंचे और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। बरेका से मंदिर तक उन्होंने रोड शो किया जिसमें रास्ते भर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। अलग-अलग छह स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के साथ उनका अभिनंदन किया गया। मंदिर पहुंचकर प्रधानमंत्री ने विधि-विधान से षोडशोपचार पूजा की और त्रिशूल व डमरू के माध्यम से श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।
स्कूली बच्चों ने किया विशेष स्वागत
बरेका से विश्वनाथ धाम तक बनाए गए स्वागत बिंदुओं में बनारस रेलवे स्टेशन के सामने स्कूली बच्चे भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। वे अपने हाथों में संदेश लिखे पोस्टर लिए हुए थे और प्रधानमंत्री को देने के लिए छोटे-छोटे उपहार भी लेकर आए थे।
लोगों में दिखा उत्साह
लहुराबीर चौराहे पर NCC कैडेट्स और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया और सभी ने उनका अभिनंदन कर खुशी जाहिर की।
रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में गजब का जोश देखने को मिला। जगह-जगह बनाए गए स्वागत स्थलों पर सुबह से ही ढोल-नगाड़े बजते रहे। पुलिस लाइन चौराहे पर कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल सहित अन्य नेताओं ने भी प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। रोड शो से पहले मैदागिन से काशी विश्वनाथ तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। कार्यक्रम के दौरान यातायात को नियंत्रित किया गया और प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने से पहले मार्ग पूरी तरह खाली कराया गया।