ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले कार्गो जहाज MSV Al Jusufi पर हमला हुआ है। इस घटना में गुजरात के एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। केंद्रीय शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि सोमवार को हुए हमले के समय जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक मौजूद थे।
अज्ञात एरियल ऑब्जेक्ट से हमला
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, MSV Al Jusufi ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी किसी अज्ञात एरियल ऑब्जेक्ट ने उसे निशाना बनाया। हमले के बाद ओमान के कोस्ट गार्ड ने तुरंत बचाव अभियान चलाया और 13 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल एक नाविक की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक की पहचान गुजरात निवासी गंधार नाहीम अजीज के रूप में हुई है।
भारतीय दूतावास ने संभाली जिम्मेदारी
सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर नाविक की मौत पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि शिपिंग मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। सरकार की ओर से 13 जीवित नाविकों को तत्काल सहायता पहुंचाई जा रही है। साथ ही सभी जीवित क्रू सदस्यों और मृत नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जा रही है।
खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर चिंता
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव का असर समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर भी पड़ रहा है। अमेरिका-ईरान युद्ध और हूतियों के सऊदी अरब पर हमलों के बीच भारतीय जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं अब तक कम रही हैं, लेकिन समुद्री रास्तों पर खतरा बढ़ा है।
सरकार के पिछले हफ्ते जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल फरवरी में अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले शुरू होने के बाद से कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इनमें 14 समुद्री जहाजों पर काम करने वाले नाविक थे।
Read More
नेपाल में लैंडिंग के वक्त दो हेलीकॉप्टर टकराए, एक टूरिस्ट की मौत, 1 घायल

