नई दिल्ली में भारत और बेल्जियम के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में गुरुवार को अहम कदम उठाया गया। हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों और समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान हुआ। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रिश्तों, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों पर भी चर्चा की।
पहली भारत यात्रा पर पहुंचे बार्ट डी वेवर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया। यह डी वेवर की पहली भारत यात्रा है। हालांकि, पीएम मोदी ने उनके भारत से पुराने जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एंटवर्प के मेयर के तौर पर लंबे समय तक काम करते हुए डी वेवर ने वहां रहने वाले बड़े भारतीय समुदाय के साथ संबंधों को समर्थन दिया। प्रधानमंत्री ने भारत और बेल्जियम के बीच लंबे समय से चले आ रहे हीरा कारोबार में एंटवर्प की भूमिका का भी जिक्र किया। दोनों देशों के बीच व्यापारिक और लोगों के बीच संपर्क को द्विपक्षीय रिश्तों की अहम कड़ी माना जाता है।
प्रथम विश्व युद्ध से जुड़ी विरासत
PM मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम की दोस्ती केवल मौजूदा आर्थिक या रणनीतिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी जड़ें इतिहास में भी गहरी हैं। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में हजारों भारतीय सैनिकों ने साहस और बलिदान दिया था। मोदी ने इसे दोनों देशों की साझा ऐतिहासिक स्मृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा पर बढ़ रहा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत-बेल्जियम साझेदारी में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने करीब 10 साल पहले अपनी बेल्जियम यात्रा का भी जिक्र किया। गुरुवार की बैठक में रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर बदलते हालात पर भी विचार-विमर्श हुआ।
Read More

