Mass Shooting Pennsylvania: अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के एरी शहर में शुक्रवार शाम हुई गोलीबारी में दो बच्चों समेत कुल 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में संदिग्ध हमलावर भी शामिल है। घटना एक घर के बाहर फायरिंग से शुरू हुई, जिसके बाद पुलिस को सड़क पर दो महिलाओं के शव मिले। बाद में घर के भीतर तलाशी के दौरान कई और लोगों के शव बरामद हुए।
शाम 5 बजे के बाद मिली सूचना
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, शुक्रवार शाम 5 बजे के कुछ देर बाद पुलिस को एरी शहर की पेरी स्ट्रीट के 700 ब्लॉक में गोली चलने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों ने 911 पर फोन करके बताया कि एक व्यक्ति हैंडगन से घर के बाहर गोलियां चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां सड़क पर दो महिलाओं के शव पड़े मिले।
पुलिस ने इलाके को घेरा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया। अधिकारियों को आशंका थी कि गोली चलाने वाला व्यक्ति अभी भी आसपास मौजूद हो सकता है और उसकी वजह से अन्य लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। इसके बाद संदिग्ध के घर में छिपे होने की आशंका के चलते इलाके को घेर लिया गया।
SWAT टीम ने संभाला मोर्चा
पुलिस अधिकारियों के साथ SWAT टीम ने उस घर को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए घर के अंदर मौजूद व्यक्ति को कई बार बाहर आने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। हालांकि, अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान घर से दोबारा गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिससे अधिकारियों की चिंता और बढ़ गई।
घर के अंदर मिले कई शव
पुलिस को आशंका थी कि घर के अंदर या आसपास अन्य लोग भी खतरे में हो सकते हैं। इसके बाद अधिकारी घर के भीतर दाखिल हुए। तलाशी के दौरान अलग-अलग जगहों पर कई लोगों के शव मिले। स्थानीय टीवी चैनल एरी न्यूज नाउ से बातचीत करने वाले सूत्रों के अनुसार, मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं।
संदिग्ध हमलावर की भी मौत
पुलिस को घर के अंदर संदिग्ध हमलावर का शव भी मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसके शरीर पर गोली लगी थी और आशंका है कि उसने खुद को गोली मारी। हालांकि, संदिग्ध की मौत की परिस्थितियों और उसके खुद को गोली मारने की बात की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फायरिंग की वजह क्या थी, हमलावर और मृतकों के बीच क्या संबंध था और घटना में इस्तेमाल हथियार से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।
Read More:

