HomeBreaking Newsऑफिस आने में कर्मचारियों को लगता था ठंड, बॉस ने गिफ्ट कर...

ऑफिस आने में कर्मचारियों को लगता था ठंड, बॉस ने गिफ्ट कर दी BMW कार

बॉस से कर्मचारी आमतौर पर वेतन बढ़ाने, बोनस या छुट्टी की उम्मीद करते हैं। लेकिन चीन के हेनान प्रांत में एक रेस्टोरेंट चेन की मालकिन ने अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी कल्पना शायद उन्होंने भी नहीं की होगी। जियाओज़ुओ शहर में हॉटपॉट रेस्टोरेंट चेन चलाने वाली मा यानली ने अपने कुछ बेहतरीन कर्मचारियों को नई BMW कारें गिफ्ट की हैं। इसकी वजह कर्मचारियों की वह परेशानी बनी, जिसे उन्होंने एक सर्द सुबह अपनी आंखों से देखा था।

ठंड में कर्मचारी को देखा तो लिया फैसला

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, मा यानली ने बताया कि उन्हें पिछले साल सर्दियों में कर्मचारियों को कार देने का विचार आया। उनके स्टाफ के कई लोग इलेक्ट्रिक स्कूटर से रेस्टोरेंट पहुंचते थे। एक सुबह उन्होंने करीब आठ साल से उनके साथ काम कर रहीं कर्मचारी ली जी को देखा। ठंड की वजह से ली का चेहरा लाल था, कान बैंगनी पड़ गए थे और हाथ ठंड से अकड़ गए थे। यह देखकर मा यानली को लगा कि जब वह खुद कार में आराम और गर्मी के साथ सफर कर सकती हैं, तो उनके कर्मचारियों को भी ऐसी सुविधा मिलनी चाहिए।

शोरूम ले जाकर सौंप दी BMW की चाबी

मा यानली ने ली जी समेत कुछ कर्मचारियों के लिए BMW खरीदी। रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्येक कार की कीमत करीब 3 लाख युआन यानी लगभग 45 हजार अमेरिकी डॉलर थी। उन्होंने कारों की पूरी रकम करीब दो सप्ताह पहले ही चुका दी थी। 24 सितंबर को कर्मचारियों को BMW शोरूम ले जाया गया, जहां कारों का उनके नाम पर रजिस्ट्रेशन कराया गया। ली जी को जब इस सरप्राइज के बारे में पता चला तो वह बेहद खुश हुईं। उन्होंने बताया कि उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि बॉस उन्हें इतनी महंगी कार देने वाली हैं। ली के मुताबिक, कार लेने से पहले मा यानली ने सिर्फ इतना कहा था कि वह उन्हें एक ‘बड़ा खिलौना’ देने वाली हैं। खास बात यह रही कि कर्मचारियों को कार की कीमत का कोई हिस्सा नहीं देना पड़ा और इसके बदले उनसे किसी समझौते पर हस्ताक्षर भी नहीं कराए गए।

‘कंपनी की सफलता में कर्मचारियों का भी हिस्सा’

मा यानली का कहना है कि कारोबारी सफलता सिर्फ उनकी अपनी मेहनत का नतीजा नहीं है। करीब दो दशक से कैटरिंग कारोबार में सक्रिय मा ने कहा कि कंपनी को आगे बढ़ाने में कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इसलिए उन्हें भी सफलता का फायदा मिलना चाहिए। ली जी के अलावा लियू यिंगयिंग को भी BMW दी गई। उन्हें ग्रे रंग की कार मिली। लियू ने बताया कि मा यानली ने उनसे कहा कि उनकी मेहनत और प्रदर्शन शानदार है और वह इस सम्मान की हकदार हैं। मा इससे पहले भी त्योहारों पर कर्मचारियों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान और नकद बोनस देती रही हैं। चीन में कर्मचारियों को बड़े आर्थिक इनाम देने वाले कारोबारियों की ऐसी कहानियां पहले भी सामने आती रही हैं। हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी के चेयरमैन कुई पेइजुन ने पिछले साल चीनी नववर्ष से पहले कर्मचारियों के बीच करीब 18 करोड़ युआन का बोनस बांटा था। उनकी कंपनी महिला कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 800 युआन और ग्रामीण इलाकों से आने वाले कर्मचारियों को फसल कटाई के लिए 1,000 युआन की सब्सिडी भी देती है।

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments