PM Modi Longest Serving Head Of Government: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश में सबसे लंबे समय तक सरकार का नेतृत्व करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ते हुए कुल 8,931 दिनों तक शासन करने का नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले पवन कुमार चामलिंग ने 8,930 दिनों तक मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए यह रिकॉर्ड बनाया था। नरेंद्र मोदी ने अपने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल को मिलाकर यह उपलब्धि हासिल की है, जो भारतीय राजनीति में एक दुर्लभ उदाहरण माना जा रहा है।
गुजरात से दिल्ली तक का सफर
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। इसके बाद 2001, 2002, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल कर उन्होंने राज्य का नेतृत्व किया। उनका मुख्यमंत्री कार्यकाल 22 मई 2014 तक चला, जो लगभग 12 साल 7 महीने का रहा।
इसके बाद वे 26 मई 2014 को भारत के 14वें प्रधानमंत्री बने और तब से लगातार इस पद पर बने हुए हैं। जून 2024 में उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, जिससे वे लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बन गए।
कई रिकॉर्ड पहले ही कर चुके हैं अपने नाम
नरेंद्र मोदी पहले ही गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। इसके अलावा वे देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा प्रशासनिक अनुभव रहा है। उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर एक और उपलब्धि हासिल की है। साथ ही, वे 4,000 से अधिक दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले नेताओं में भी शामिल हो चुके हैं।
RSS से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में जन्मे नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में की थी। वर्ष 1985 में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई। दशकों के इस लंबे राजनीतिक सफर में नरेंद्र मोदी ने राज्य और केंद्र, दोनों स्तरों पर नेतृत्व करते हुए यह साबित किया है कि निरंतरता और अनुभव के दम पर बड़े कीर्तिमान स्थापित किए जा सकते हैं।
Read More:
‘अब अंतिम सांसें गिन रहा है नक्सलवाद…’, गुरुग्राम में CM नायब सिंह सैनी ने शहीदों को किया नमन

