Meta AI: Meta Platforms ने कंटेंट क्रिएटर्स का ध्यान खींचने के लिए एक नया प्रोग्राम ‘क्रिएटर फास्ट ट्रैक’ लॉन्च किया है। इस पहल के तहत कंपनी का लक्ष्य अधिक से अधिक क्रिएटर्स को अपने प्लेटफॉर्म Facebook पर लाना और उन्हें बेहतर कमाई के अवसर प्रदान करना है।
क्रिएटर्स को मिलेगा खास फायदा
कंपनी की इस नई योजना के तहत उन क्रिएटर्स को खास फायदा मिलेगा जो पहले से Instagram, YouTube या TikTok जैसे प्लेटफॉर्म पर एक्टिव हैं। मेटा उन्हें फेसबुक पर आने के लिए गारंटीड पेमेंट और बेहतर कंटेंट रीच का भरोसा दे रही है, जिससे वे अपनी ऑडियंस को भी यहां ट्रांसफर कर सकें।
कैसे होगी ज्यादा कमाई?
इस प्रोग्राम के तहत कम से कम 1 लाख फॉलोअर्स वाले क्रिएटर्स को हर महीने करीब 1,000 डॉलर (लगभग 92,000 रुपये) दिए जाएंगे। वहीं 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाले क्रिएटर्स को लगभग 3,000 डॉलर (करीब 2.75 लाख रुपये) तक की मासिक कमाई का मौका मिलेगा। हालांकि यह गारंटीड इनकम केवल शुरुआती तीन महीनों के लिए ही लागू होगी। इसके बाद क्रिएटर्स को फेसबुक के अन्य मोनेटाइजेशन टूल्स के जरिए कमाई जारी रखने का अवसर मिलेगा।
फॉलो करने होंगे कुछ रूल्स
मेटा ने इस योजना में शामिल होने के लिए कुछ शर्तें भी तय की हैं। क्रिएटर्स को 30 दिनों के भीतर कम से कम 15 रील्स पोस्ट करनी होंगी, जो अलग-अलग दिनों में साझा की जाएंगी। साथ ही कंटेंट का ओरिजिनल होना जरूरी है, हालांकि इसमें एआई से तैयार कंटेंट को भी अनुमति दी गई है। इसके अलावा क्रिएटर्स सब्सक्रिप्शन, टिपिंग और ब्रांड डील्स के जरिए अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकेंगे।
क्रिएटर इकोनॉमी को तेज कर रहा मेटा
कंपनी के मुताबिक, 2025 में उसने क्रिएटर्स को करीब 275 अरब रुपये का भुगतान किया, जो पिछले साल की तुलना में काफी अधिक है। यह आंकड़ा बताता है कि मेटा अपने प्लेटफॉर्म पर क्रिएटर इकोनॉमी को तेजी से मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। मेटा की ये नई योजना उस समय आई है जब सोशल मीडिया कंपनियों के बीच क्रिएटर्स को आकर्षित करने की होड़ तेज हो गई है। ऐसे में ‘क्रिएटर फास्ट ट्रैक’ प्रोग्राम फेसबुक को एक मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकता है।
Read More:
राजस्थान सरकार पंजाब के पानी का 1.44 लाख करोड़ रुपये का बकाया अदा करे या पानी लेना बंद करे- CM मान

