उत्तरी दिल्ली के नरेला में गुरुवार सुबह हुई फायरिंग की वारदात हुई। बता दें कि बांकनेर में जिम के बाहर 42 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार को तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद प्रमोद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि पुलिस अब उनकी पहचान और हत्या की वजह पता लगाने में जुटी है।
सुबह करीब 7 बजे जिम के बाहर हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की है। प्रमोद कुमार नरेला के बांकनेर इलाके में जिम के बाहर मौजूद थे, तभी तीन हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल प्रमोद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक हरियाणा के सोनीपत जिले में राई क्षेत्र के नाहरी गांव के रहने वाले थे। वह मुकुल प्रॉपर्टी का संचालन करते थे। गांव में उनके नाम से मुकुल गार्डन बैंक्वेट हॉल भी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वारदात को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
CCTV फुटेज से हमलावरों की तलाश
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रमोद को किस वजह से निशाना बनाया गया और हमलावरों का उनसे क्या संबंध था। आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
रोहिणी हत्याकांड में भतीजी पर साजिश का आरोप
इससे पहले दिल्ली के रोहिणी इलाके में करीब 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या और लूट का मामला सामने आया था। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे तीन लोग घर के अंदर दाखिल हुए थे, जबकि उनका चौथा साथी बाहर निगरानी कर रहा था। जांच में सामने आया कि वारदात से पहले 30 अगस्त को घर की रेकी की गई थी। आरोपियों ने घर से करीब 1.5 लाख रुपये नकद और कुछ सोने के गहने लूटे थे। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सिमरन तनेजा, चिराग और पारस के तौर पर हुई। पुलिस के मुताबिक, 23 वर्षीय सिमरन तनेजा मृतक की भतीजी है। वह इस साजिश की मुख्य आरोपी के रूप में सामने आई है।
Read More
तिब्बत में 5.0 तीव्रता का भूकंप, फिलहाल कोई जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
