दिल्ली-NCR में रोजाना लाखों लोग मेट्रो के जरिए सफर करते हैं। ऐसे यात्रियों के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) एक महत्वपूर्ण परियोजना पर काम कर रहा है जिससे शहर के सबसे व्यस्त मेट्रो नेटवर्क में सफर और अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। फेज-5A के तहत विकसित किए जा रहे सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर में एक नया मेट्रो स्टेशन और लंबा भूमिगत पैदल मार्ग (सबवे) बनाया जा रहा है। यह परियोजना विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी जिन्हें पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे(IGI Airport) तक पहुंचना होता है।
आरके आश्रम और इंद्रप्रस्थ के बीच प्रस्तावित कॉरिडोर पर शिवाजी स्टेडियम के पास नया मेट्रो स्टेशन विकसित किया जाएगा। यह स्टेशन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से जुड़ा होगा और यात्रियों के लिए इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसके जरिए मेट्रो नेटवर्क के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोग आसानी से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन तक पहुंच सकेंगे। यह कदम राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है। खास बात यह है कि यह स्टेशन शहर के केंद्रीय हिस्से में स्थित होने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ पहुंचाएगा।
बनेगा 800 मीटर लंबा सबवे
इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा शिवाजी स्टेडियम और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के बीच बनाया जाने वाला लगभग 800 मीटर लंबा सबवे है। निर्माण पूरा होने के बाद यह दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे लंबा भूमिगत पैदल मार्ग होगा।
राजीव चौक राजधानी के सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशनों में शामिल है, जहां रोजाना हजारों यात्री अलग-अलग लाइनों के बीच इंटरचेंज करते हैं। नया सबवे तैयार होने से दोनों स्टेशनों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा जिससे यात्रियों को बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।
एयरपोर्ट पहुंचने में बचेगा समय
वर्तमान में नोएडा, वैशाली, आनंद विहार, लक्ष्मी नगर और आसपास के इलाकों से आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कई बार मेट्रो बदलनी पड़ती है। अक्सर उन्हें राजीव चौक और नई दिल्ली स्टेशन के जरिए लंबा रूट अपनाना पड़ता है जिससे समय और ऊर्जा दोनों खर्च होते हैं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्री राजीव चौक स्टेशन से सीधे सबवे के जरिए शिवाजी स्टेडियम स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। वहां से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की ट्रेन लेकर वे आसानी से टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 तक जा सकेंगे। इससे यात्रा का अनुभव अधिक सहज और सुविधाजनक होगा।
ट्रैवलेटर से मिलेगा हाईटेक सफर का अनुभव
लंबे सबवे में यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैवलेटर यानी चलायमान वॉकवे भी लगाए जाएंगे। यह सुविधा खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
ट्रैवलेटर की मदद से यात्रियों को पूरे रास्ते पैदल चलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे आराम से खड़े रहकर या हल्की चाल से चलते हुए एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। यह सुविधा हवाई यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी क्योंकि एयरपोर्ट जाने वाले लोगों के पास अक्सर सामान अधिक होता है।
महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने मुंबई में डोमिनोज़ पिज़्ज़ा के तीन आउटलेट्स के फ़ूड-बिज़नेस लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। ये कार्रवाई तब...