CBSE Third Language Policy New Guideline 2026: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने थ्री-लैंग्वेज पॉलिसी को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की हैं। बोर्ड के फैसले के अनुसार मौजूदा 10वीं क्लास के छात्रों को तीसरी भाषा की बोर्ड परीक्षा नहीं देनी होगी। इसके साथ ही कक्षा 7, 8 और 9 में पढ़ रहे मौजूदा छात्रों को भी आगे चलकर कक्षा 10 में तीसरी भाषा की बोर्ड परीक्षा से छूट मिलेगी। इस फैसले से देशभर के लाखों छात्रों और पेरेंट्स को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मौजूदा छात्रों पर लागू नहीं होगी नई व्यवस्था
CBSE की नई गाइडलाइंस के अनुसार फिलहाल क्लास 10 में पढ़ रहे छात्रों पर नई थ्री-लैंग्वेज पॉलिसी लागू नहीं होगी। इसी तरह क्लास 7, 8 और 9 के मौजूदा छात्र भी जब कक्षा 10 में पहुंचेंगे, तब उन्हें तीसरी भाषा की बोर्ड परीक्षा नहीं देनी होगी। वे पुराने सिस्टम के अनुसार ही अपनी पढ़ाई पूरी करेंगे।
दो विदेशी भाषाएं चुनने वाले छात्रों के लिए भी नियम
बोर्ड ने साफ किया है कि जिन छात्रों ने पहले से दो विदेशी भाषाएं चुनी हैं, वे अपनी पढ़ाई पहले की तरह जारी रख सकते हैं। हालांकि, उनके लिए एक अतिरिक्त भारतीय भाषा का पढ़ना जरुरी होगा।
नई थ्री-लैंग्वेज पॉलिसी में क्या होगा?
नई गाइडलाइंस के अनुसार छात्रों को तीन भाषाएं पढ़नी होंगी, जिनमें से कम से कम दो भाषाएं भारतीय होना जरूरी है। तीसरी भाषा (R3) के रूप में गैर-भारतीय भाषा को चुना जा सकता है, लेकिन यह तभी संभव होगा जब बाकी दोनों भाषाएं भारतीय हों।
कक्षा 9 के छात्रों के लिए नया नियम
CBSE के अनुसार कक्षा 9 में जाने वाले छात्रों के लिए तीन भाषाएं पढ़ना जरुरी होगा। इनमें कम से कम दो भारतीय भाषाएं शामिल होंगी, जबकि तीसरी भाषा के रूप में अंग्रेज़ी, फ्रेंच, जर्मन, अरबी या स्पेनिश जैसी गैर-भारतीय भाषा चुनी जा सकेगी।
2026-27 से लागू होंगी नई गाइडलाइंस
बोर्ड ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से भाषा नीति से जुड़ी नई गाइडलाइंस लागू की जाएंगी। इनका उद्देश्य छात्रों को कई भारतीय भाषाओं में एक्सपर्ट्स बनाना और भाषा सीखने को बढ़ावा देना है, ताकि उनकी शिक्षा संतुलित और सही तरह से विकसित हो सके। बोर्ड चाहता है कि भाषा सीखना केवल एक विषय न होकर एक सार्थक, रोचक और ज्ञानवर्धक अनुभव बने, जो छात्रों के विकास में मदद करे।
मिडिल स्टेज से आगे बढ़ेगी भाषा सीखने की प्रक्रिया
CBSE के अनुसार सेकेंडरी स्टेज (कक्षा 9 और 10) में तीसरी भाषा (R3) को शामिल करना मिडिल स्टेज (कक्षा 6 से 8) में शुरू हुई भाषा सीखने की प्रक्रिया का विस्तार है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने 2026-27 से जुड़े स्कूलों में भाषा नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं।
Read More:

