मेरठ के नौचंदी थाने से पुलिस अभिरक्षा में फरार हुए आरोपी अरशद उर्फ जोजो को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 2 नवंबर को साल 2014 के चोरी के मुकदमे में वारंट के आधार पर पकड़ा गया था। थाने के कार्यालय से हथकड़ी निकालकर फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश में अभियान चलाया। नौचंदी ग्राउंड के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। भागने की कोशिश में गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई।
हथकड़ी निकालकर थाने से हुआ फरार
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अरशद उर्फ जोजो पुत्र शाकिर ढवाई नगर की गली नंबर-7, नौचंदी का निवासी है। 2 नवंबर की सुबह वह पुलिस अभिरक्षा में नौचंदी थाने में मौजूद था। इसी दौरान वह हाथ से हथकड़ी निकालकर कार्यालय से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।
नौचंदी ग्राउंड में पुलिस से मुठभेड़
एसएसपी के निर्देश और एसपी सिटी के निर्देशन में एएसपी/सीओ सिविल लाइन की निगरानी में पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गईं। तलाश के दौरान सूचना मिली कि आरोपी नौचंदी ग्राउंड में छिपा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर गोली चला दी और भागने लगा। इसी दौरान गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई। पुलिस ने उसे अशोक की लाट के पास पकड़ लिया।
तमंचा और कारतूस बरामद, नया केस दर्ज
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने अवैध हथियार रखने और फायरिंग करने के आरोप में उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
Read More

