HomeBreaking Newsपंजाब चुनाव 2027 से पहले NDA का शक्ति प्रदर्शन! BJP-अकाली दल की...

पंजाब चुनाव 2027 से पहले NDA का शक्ति प्रदर्शन! BJP-अकाली दल की जोड़ी 8 दिसंबर को मोगा में भरेगी हुंकार

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल(BJP-Akali Dal) ने एक बार फिर साथ आने का फैसला किया है। गुरुपर्व के मौके पर दोनों दलों ने गठबंधन का ऐलान किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी जानकारी दी। गठबंधन के बाद अब दोनों पार्टियां अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में जुट गई हैं। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने घोषणा की है कि 8 दिसंबर को मोगा में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की बात कही गई है।

गठबंधन के बाद पहला बड़ा संयुक्त कार्यक्रम

गठबंधन के बाद दोनों दलों का यह पहला बड़ा संयुक्त कार्यक्रम होगा। सुखबीर बादल ने भाजपा के साथ दोबारा गठबंधन को पुराने राजनीतिक रिश्तों की वापसी बताया। उन्होंने कहा कि इस संबंध की नींव 1996 में उनके पिता प्रकाश सिंह बादल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने रखी थी।

उन्होंने अकाली दल के 106 साल पुराने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने आजादी की लड़ाई से लेकर गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंदों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाई है। सुखबीर ने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी पंजाब में शांति, भाईचारे और सभी धर्मों के सम्मान को प्राथमिकता देगी।

गैंगस्टर और नशे के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

सुखबीर बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में पंजाब का अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उन्होंने राज्य में गैंगस्टर गतिविधियों और नशे के कारोबार को बड़ी चुनौती बताया।

उनका कहना था कि व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने किसानों, युवाओं, मजदूरों और सिख समुदाय से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने इन समस्याओं पर बातचीत के जरिए समाधान निकालने का भरोसा दिया है।

नशामुक्त और विकसित पंजाब का संकल्प

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी गठबंधन के उद्देश्यों पर बात की। उन्होंने महाराजा रणजीत सिंह के सुशासन और गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान का उल्लेख करते हुए हिंदू-सिख एकता पर जोर दिया। नवीन के मुताबिक, दोनों पार्टियां पंजाब को नशामुक्त बनाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, महिलाओं की सुरक्षा और राज्य के विकास को लेकर जनता के बीच जाएंगी।

अब सभी की नजरें 8 दिसंबर को मोगा में होने वाली रैली पर हैं। इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा और अकाली दल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी संयुक्त राजनीतिक ताकत और चुनावी रणनीति का संदेश देने की कोशिश करेंगे।

यह भी पढ़ें : शादी से पहले रिंकू सिंह का अपनी मंगेतर पर छलका प्यार…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments