HomeBreaking Newsवियतनाम की राजधानी में भीषण धमाका! 6 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

वियतनाम की राजधानी में भीषण धमाका! 6 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

वियतनाम(Vietnam) की राजधानी हनोई में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक हॉटपॉट रेस्तरां में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें छह लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास की इमारतों तक को नुकसान पहुंचा। खिड़कियों के शीशे टूट गए और कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमाका मंगलवार तड़के हनोई के एक हॉटपॉट रेस्तरां में हुआ। शुरुआती जांच में गैस रिसाव को विस्फोट की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी रखी है। वीएन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, विस्फोट का असर आसपास के घरों और इमारतों पर भी पड़ा। कई खिड़कियां टूट गईं, दीवारों में दरारें आ गईं और दुकानों के धातु के शटर उखड़कर दूर जा गिरे। आसपास की इमारतों की छतों और शेड को भी नुकसान पहुंचा। धमाके के कारण पास की अपार्टमेंट इमारतों में भी कंपन महसूस किया गया।

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबे के नीचे दबे लोगों की तलाश के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारी कंक्रीट के टुकड़ों को हटाने के लिए हाइड्रोलिक मशीनों की मदद ली जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 14 से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास की कुछ असुरक्षित इमारतों को खाली भी कराया गया है।

धमाके से सहमे स्थानीय लोग

घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोग काफी डर गए। स्थानीय निवासी 26 वर्षीय लैन फुओंग ने वीएन एक्सप्रेस को बताया कि धमाके की आवाज से उनकी और उनकी छोटी बहन की नींद खुल गई। विस्फोट के झटके से उनके घर की बालकनी का दरवाजा उखड़कर करीब तीन मीटर दूर जा गिरा।

उन्होंने बताया कि उस समय दोनों कंबल ओढ़े हुए थीं इसलिए उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। फिलहाल हनोई पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और प्रभावित इमारतों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़ें : ट्रेन टिकट के साथ ही बुक कर सकेंगे टैक्सी! रेलवे की इस नई सुविधा से सफर होगा आसान…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments