Jio New Recharge Plans: Reliance Jio ने नए साल 2027 से पहले ग्राहकों को बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी ने Happy New Year 2.0 के तहत नए रिचार्ज प्लान पेश किए हैं। कंपनी ने अपने अलग-अलग तरह के ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ये प्लान पेश किए हैं। इनका मकसद कम कीमत में अतिरिक्त डेटा और लंबी वैलिडिटी वाले रिचार्ज का विकल्प देना है। खास बात यह है कि नए डेटा ऐड-ऑन पैक के जरिए यूजर्स कम खर्च में कुछ समय के लिए अनलिमिटेड 5G इंटरनेट इस्तेमाल कर सकेंगे।
399 रुपये के प्लान में क्या मिलेगा?
जियो का 399 रुपये वाला नया प्रीपेड प्लान 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है। इसमें ग्राहकों को अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा, किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और हर दिन 100 SMS की सुविधा मिलेगी। कंपनी इसे अपना नया फ्लैगशिप प्रीपेड प्लान बता रही है।
इस रिचार्ज की खासियत सिर्फ डेटा और कॉलिंग तक सीमित नहीं है। इसमें ग्राहकों को 12 महीने के लिए Canva Pro का सब्सक्रिप्शन भी दिया जा रहा है। इसके अलावा JioHotstar Mobile, JioTV के जरिए हॉलीवुड कंटेंट और FanCode का एक्सेस मिलेगा।
ग्राहकों को JioGames का मोबाइल सब्सक्रिप्शन और JioAICloud पर 50GB क्लाउड स्टोरेज भी मिलेगा। इसके साथ JustDial Lite, हाइपरलोकल कूपन और Digital Diary जैसी सुविधाएं भी इस प्लान का हिस्सा हैं।
3,999 रुपये के रिचार्ज में पूरे साल की वैलिडिटी
बार-बार मोबाइल रिचार्ज कराने से बचने वाले ग्राहकों के लिए जियो ने 3,999 रुपये का सालाना प्लान पेश किया है। इस प्लान में 365 दिनों की वैलिडिटी मिलेगी। इसके तहत अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा, किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग और रोजाना 100 SMS की सुविधा दी जाएगी।
डिजिटल सुविधाओं की बात करें तो इस प्लान में 12 महीने के लिए Canva Pro Lite का सब्सक्रिप्शन मिलेगा। इसके अलावा JioHotstar Mobile, JioTV पर हॉलीवुड कंटेंट और FanCode का एक्सेस भी दिया जाएगा। ग्राहकों को JioAICloud पर 50GB क्लाउड स्टोरेज की सुविधा भी मिलेगी।
15 और 25 रुपये में मिलेगा अनलिमिटेड 5G डेटा
जियो ने कम कीमत में ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए दो नए डेटा ऐड-ऑन पैक भी पेश किए हैं। इनमें 15 रुपये वाला पैक एक दिन और 25 रुपये वाला पैक दो दिन की वैलिडिटी के साथ आता है।
दोनों ही पैक में अनलिमिटेड 5G डेटा मिलेगा। कंपनी के मुताबिक, इन पैक में डाउनलोड लिमिट, स्पीड थ्रॉटलिंग या डेटा इस्तेमाल को लेकर कोई अलग रोक नहीं होगी। यानी कम समय के लिए ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले यूजर्स इनका फायदा उठा सकते हैं।
50 रुपये में रात 12 से सुबह 5 बजे तक अनलिमिटेड डेटा
रात में इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए जियो ने 50 रुपये का खास नाइट डेटा पैक भी पेश किया है। इसकी वैलिडिटी 28 दिनों की होगी। इस दौरान ग्राहक हर रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा इस्तेमाल कर सकेंगे।
इस पैक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि रात के समय इस्तेमाल किया गया डेटा ग्राहकों के रोजाना मिलने वाले डेटा बैलेंस से नहीं कटेगा। ऐसे में रात में डाउनलोडिंग, ऑनलाइन स्ट्रीमिंग और दूसरे इंटरनेट से जुड़े काम करने वाले यूजर्स को फायदा मिल सकता है।
कब से रिचार्ज कर सकेंगे जियो के नए प्लान?
जियो के नए Happy New Year 2.0 प्लान अलग-अलग तारीखों से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। 399 रुपये और 3,999 रुपये वाले प्लान 24 नवंबर 2026 से रिचार्ज के लिए उपलब्ध हो गए हैं। इसी दिन 25 रुपये वाला अनलिमिटेड 5G डेटा ऐड-ऑन पैक भी मिलना शुरू हो गया है।
वहीं, 15 रुपये वाला 5G डेटा पैक पहले से उपलब्ध है। इसके अलावा 50 रुपये का नाइट डेटा पैक 26 नवंबर 2026 से रिचार्ज के लिए उपलब्ध होगा।
इस तरह जियो ने नए साल 2027 से पहले छोटे डेटा पैक से लेकर सालभर की वैलिडिटी वाले रिचार्ज तक कई विकल्प पेश किए हैं। ग्राहकों को अपनी इंटरनेट और कॉलिंग की जरूरत के हिसाब से इनमें से प्लान चुनने का मौका मिलेगा।
Read More:

