HomeBreaking News'शेख हसीना आतंकवादी, हथकड़ी लगाकर ही वापस लाएंगे...', पूर्व PM की वापसी...

‘शेख हसीना आतंकवादी, हथकड़ी लगाकर ही वापस लाएंगे…’, पूर्व PM की वापसी के ऐलान पर बांग्लादेश सरकार का तीखा हमला

Sheikh Hasina Bangladesh Return: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। हसीना ने 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है, लेकिन सरकार ने उनके इस ऐलान को वास्तविकता से दूर बताया है। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने उन्हें आतंकवादी और दोषी अपराधी बताते हुए कहा कि उनकी वापसी केवल प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के जरिए ही संभव है। उन्होंने यहां तक कहा कि हसीना को हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही बांग्लादेश लाया जा सकता है।

हुमायूं कबीर ने हसीना पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगाते हुए कहा, “बांग्लादेश के लोग आतंकवाद का केवल एक ही रूप जानते हैं शेख हसीना द्वारा प्रायोजित अवामी आतंकवाद… वह एक दोषी अपराधी हैं एक भगोड़ी आतंकवादी।”

‘किसी आतंकवादी को लौटने की इजाजत नहीं’

हसीना की वापसी की इच्छा पर प्रतिक्रिया देते हुए कबीर ने कहा कि उनकी चाहत और बांग्लादेश की वास्तविक परिस्थितियों में काफी अंतर है। उन्होंने कहा, “अपनी बेचैनी के कारण वह पैसे देकर या लोगों की मदद लेकर चीजें छपवा सकती हैं लेकिन हकीकत और चाहत दो अलग-अलग चीजें हैं। आपको इनके बीच फर्क समझना होगा। हकीकत यह है कि किसी आतंकवादी को प्रत्यर्पण के अलावा किसी और तरीके से वापस आने की इजाजत कभी नहीं मिलेगी। रही बात चाहत की तो ऐसा लगता है कि वह बिस्तर पर सोती हैं और उसे बुरे सपने आते हैं, जैसे मैं वापस बांग्लादेश जा रही हूं या मैं हवाई जहाज से वापस जा रही हूं।”

हसीना की ओर से वापसी की तारीख घोषित किए जाने के बाद तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश सरकार की यह पहली प्रतिक्रिया है। इस बयान से देश में राजनीतिक और कानूनी विवाद और बढ़ने की आशंका है। गौरतलब है कि बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा हुआ है। वहीं, इस महीने की शुरुआत में हसीना की ओर से नए पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की मांग किए जाने के बाद से देश में हिंसा बढ़ने की खबरें भी सामने आई हैं।

शेख हसीना ने बांग्लादेश सरकार से क्या मांग की?

शेख हसीना ने बांग्लादेश सरकार से अपनी वतन वापसी के लिए जरूरी इंतजाम करने की अपील की है। उन्होंने उन दस्तावेजों को दोबारा उपलब्ध कराने की मांग की है, जिन्हें विद्रोह के बाद देश छोड़कर दिल्ली आने के बाद रद्द कर दिया गया था।

इसके अलावा, हसीना चाहती हैं कि उनकी वापसी के लिए बांग्लादेश का राष्ट्रीय विमानन सेवा प्रदाता बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस विमान की व्यवस्था करे। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उनकी इस मांग को स्वीकार करने के संकेत नहीं दिए हैं। सरकार का कहना है कि उन्हें भारत के माध्यम से प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया के तहत ही वापस लाया जा सकता है।

मौत की सजा सुना चुकी है बांग्लादेश की अदालत

शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद प्रधानमंत्री पद छोड़कर भारत आ गई थीं। पिछले साल बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने छात्रों के आंदोलन को दबाने के लिए घातक कार्रवाई का आदेश देने के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, निर्वासन में रह रहीं हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।

वहीं, शेख हसीना को सजा सुनाने वाले इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल के मुख्य अभियोजक अमीनुल इस्लाम ने भी उनकी मांग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक दोषी और फरार व्यक्ति का यह उम्मीद करना तर्कहीन है कि सरकार उसकी बांग्लादेश वापसी के लिए खुद इंतजाम करेगी।

भारत से विमान भेजने को लेकर कोई आधिकारिक बातचीत नहीं

बांग्लादेश के एक मंत्री ने रविवार को समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि अगर शेख हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। मंत्री के मुताबिक, हसीना को वापस लाने के लिए विमान भेजने के मुद्दे पर भारत के साथ अभी तक कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।

ऐसे में शेख हसीना की 16 दिसंबर को प्रस्तावित वापसी पर अनिश्चितता बनी हुई है। एक तरफ हसीना अपने देश लौटने की इच्छा जता रही हैं, वहीं बांग्लादेश सरकार उनके प्रत्यर्पण और गिरफ्तारी पर अड़ी हुई है।

Read More:

UP Board 2027: UP बोर्ड 10वीं-12वीं प्रैक्टिकल परीक्षा का शेड्यूल जारी, 11 जनवरी से शुरू होंगे एग्जाम

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments