दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा देने के लिए परिवहन व्यवस्था में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। न्यू अशोक नगर स्थित नमो भारत स्टेशन पर हाई-कैपेसिटी इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन(EV Charging Hub) शुरू किया गया है। यह दिल्ली के प्रमुख सार्वजनिक अल्ट्रा-फास्ट EV चार्जिंग हब में शामिल है। इस सुविधा का लाभ नमो भारत यात्रियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को भी मिलेगा। इस नए चार्जिंग हब में कुल 14 डीसी चार्जिंग पॉइंट लगाए गए हैं।
इनमें अलग-अलग क्षमता वाले चार्जर शामिल हैं जो निजी इलेक्ट्रिक कारों से लेकर व्यावसायिक वाहनों और इलेक्ट्रिक बसों तक की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। यहां 240 किलोवाट क्षमता वाले 7 चार्जिंग पॉइंट, 360 किलोवाट के 4 अल्ट्रा-फास्ट चार्जर और 480 किलोवाट क्षमता वाले 3 अत्याधुनिक चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध हैं। इन हाई-स्पीड चार्जर्स की मदद से वाहन कम समय में चार्ज हो सकेंगे, जिससे EV उपयोगकर्ताओं को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
डिजिटल सुविधाओं से लैस चार्जिंग स्टेशन
इस चार्जिंग हब को पूरी तरह आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया गया है। वाहन चालक मोबाइल ऐप के माध्यम से चार्जिंग स्टेशन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और पहले से चार्जिंग स्लॉट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा स्टेशन पर सुरक्षा के लिए आधुनिक सिस्टम और रियल-टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा भी मौजूद है।
नमो भारत यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
अब नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्री अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को स्टेशन परिसर में ही चार्ज कर सकेंगे। इससे उनका समय बचेगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
9 नमो भारत स्टेशनों पर उपलब्ध हुई EV चार्जिंग सुविधा
इस नई शुरुआत के साथ नमो भारत कॉरिडोर के कुल 9 स्टेशनों पर EV चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इनमें साहिबाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, आनंद विहार और न्यू अशोक नगर स्टेशन शामिल हैं।
एनसीआरटीसी की यह पहल दिल्ली-NCR में स्वच्छ और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे लोगों में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति विश्वास बढ़ेगा और प्रदूषण कम करने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।