नोएडा में पिछले चार दिनों से चल रहे श्रमिक आंदोलन(Labor Movement) के बीच अब घरेलू सहायिकाओं (हाउस हेल्प) ने भी काम बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसाइटी सहित आसपास के इलाकों में काम करने वाली कई मेड्स सड़कों पर उतर आई हैं और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उन्हें कम मजदूरी मिलती है और काम के बदले उचित पारिश्रमिक नहीं दिया जा रहा है। साथ ही उनका आरोप है कि उन्हें नियमित छुट्टियां भी नहीं मिलतीं। उनका साफ कहना है कि जब तक उनकी सैलरी में बढ़ोतरी नहीं की जाती, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी।
पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात
घटना स्थल पर पुलिस मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नोएडा पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी तैनात किए गए हैं। क्लियो काउंटी, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121 और सेक्टर-70 जैसे इलाकों में घरेलू सहायिकाओं का प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और हालात नियंत्रण में हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों या गलत सूचनाओं पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के कोई जानकारी साझा न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भ्रामक खबरें फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कई जगहों पर हिंसक हुआ था श्रमिक आंदोलन
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले शुरू हुआ श्रमिक आंदोलन सोमवार (13 अप्रैल) को कई जगहों पर हिंसक हो गया था, जहां प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, वाहनों को नुकसान पहुंचाया और कुछ जगह आगजनी की घटनाएं भी सामने आई थीं। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की थी और कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया था। फिलहाल शहर के अधिकतर हिस्सों में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं, हालांकि कुछ जगहों पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।