गुरुग्राम में गुरुग्राम होम डेवलपर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित शहीदी दिवस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी(CM Nayab Singh Saini), उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान करना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र का सम्मान है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि शहीदों के परिवारों की देखभाल और सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
सुरक्षा बलों को आधुनिक हथियारों से बनाया सशक्त
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि आज सुरक्षा बलों को अत्याधुनिक संसाधनों और हथियारों से सशक्त बनाया गया है, जिससे वे हर चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम हैं। उन्होंने “राष्ट्र प्रथम” की भावना को अपनाने पर बल देते हुए इसे वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि देश ने हर क्षेत्र में मजबूती हासिल की है, वहीं नक्सलवाद अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है।
सैनिकों के हितों पर सरकार ने दिया ध्यान
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हरियाणा के लिए यह गर्व की बात है कि देश की सेना में हर दसवां जवान इस प्रदेश से आता है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शहीदों के सम्मान में उठाए गए कदमों को भी याद किया।
सैनिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा सैनिक कल्याण बोर्ड के गठन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने कार्यों में भी उतारना जरूरी है। अंत में मुख्यमंत्री ने भावुक स्वर में कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, वे हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहते हैं, और हम सभी को उनके बलिदान को सदैव नमन करना चाहिए।