IPL 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी ज़बरदस्त बल्लेबाज़ी से इतिहास रच दिया। सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ उन्होंने सिर्फ़ 36 गेंदों में शतक जड़कर सबको हैरान कर दिया। यह उनके IPL करियर का दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने अपने डेब्यू सीज़न के दौरान गुजरात टाइटन्स के ख़िलाफ़ 35 गेंदों में शतक बनाया था।
नए रिकॉर्ड्स से भरी उपलब्धि
वैभव आईपीएल इतिहास में 15 साल की उम्र में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही वह लीग में दो शतक जड़ने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने सबसे तेज 500 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, जो उन्होंने सिर्फ 227 गेंदों में पूरा किया। इस मामले में उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा।
तेज अर्धशतक और खास रिकॉर्ड
आईपीएल 2026 में ही वैभव ने 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लीग का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। इसके अलावा वह अपने पहले आईपीएल मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं।
जयपुर में दर्शकों का दिल जीता
इस मैच में वैभव ने जयपुर के घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने साकिब हुसैन की गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया और भावुक अंदाज में जश्न मनाया। हालांकि अगली ही गेंद पर वह 103 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी पारी में उन्होंने 12 छक्के और 5 चौके लगाए। जब वह पवेलियन लौटे, तो दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।
कम उम्र में चमकता करियर
बिहार से आने वाले वैभव सूर्यवंशी का क्रिकेट सफर बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने मात्र 14 साल की उम्र में आईपीएल में डेब्यू किया और 13 साल की उम्र में ऑक्शन में शामिल हुए थे। इससे पहले 12 साल की उम्र में उन्होंने रणजी क्रिकेट में भी डेब्यू कर रिकॉर्ड बनाया था।
भविष्य का बड़ा सितारा
राजस्थान रॉयल्स द्वारा आईपीएल 2025 में खरीदे गए वैभव को भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा माना जा रहा है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और तकनीक उन्हें अपनी उम्र के खिलाड़ियों से अलग बनाती है। अंडर-19 स्तर पर भी उनके शानदार प्रदर्शन ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में वह भारतीय टीम के लिए बड़ा नाम बन सकते हैं।
READ MORE: गाजियाबाद में लू का असर, स्कूलों का समय बदला, 12:30 बजे तक होंगी कक्षाएं

