भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसी बीच अमेरिकी प्रशासन ने भारत की चार कंपनियों को अपनी प्रतिबंध सूची (SDN List) से हटा दिया है। इस फैसले को दोनों देशों के आर्थिक और व्यापारिक संबंधों के लिहाज से सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। जबकि अमेरिकी वित्त विभाग ने कंपनियों को सूची से हटाने का कारण सार्वजनिक नहीं किया है।
कंपनियों को मिली राहत?
अमेरिकी वित्त विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (OFAC) ने हैदराबाद की RRG Engineering Technologies Pvt. Ltd. और Lokesh Machines Ltd., अहमदाबाद की Galaxy Bearings Ltd. तथा नई दिल्ली की Shaurya Aeronautics Pvt. Ltd. को स्पेशली डिजिग्नेटेड नेशनल्स (SDN) सूची से बाहर कर दिया है। इसके बाद इन कंपनियों पर लागू अमेरिकी वित्तीय प्रतिबंध समाप्त हो गए हैं।
क्या होती है SDN लिस्ट?
SDN (Specially Designated Nationals) सूची में शामिल व्यक्तियों और कंपनियों की अमेरिका के अधिकार क्षेत्र में मौजूद संपत्तियां फ्रीज कर दी जाती हैं। इसके अलावा अमेरिकी नागरिकों और कंपनियों के लिए उनसे व्यापारिक लेन-देन करना प्रतिबंधित होता है। यही कारण है कि इस सूची से बाहर होना किसी भी कंपनी के लिए बड़ी राहत माना जाता है।
दो साल पहले लगा था प्रतिबंध
साल 2024 में अमेरिका ने रूस के सैन्य-औद्योगिक नेटवर्क को कथित तौर पर तकनीक और उपकरण उपलब्ध कराने के आरोप में 21 भारतीय संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए थे। इनमें 19 कंपनियां और दो व्यक्ति शामिल थे। चारों कंपनियों पर भी इसी कार्रवाई के तहत प्रतिबंध लगाया गया था।
रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ा मामला
अमेरिका ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद मॉस्को से जुड़े सप्लाई नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई शुरू की थी। इसी अभियान के तहत कई देशों की कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए गए थे। भारत ने उस समय स्पष्ट किया था कि वह अंतरराष्ट्रीय नियमों का सम्मान करता है और इस मुद्दे पर अमेरिका के साथ लगातार संवाद बनाए हुए है।
चार भारतीय कंपनियों को SDN सूची से हटाने का फैसला भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों के लिए सकारात्मक संकेत है। ऐसे समय में जब दोनों देश नई व्यापारिक समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, यह कदम निवेश और कारोबारी सहयोग को बढ़ावा देने में मददगार साबित हो सकता है। जबकि अमेरिकी प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि प्रतिबंध हटाने के पीछे आधिकारिक कारण क्या हैं।
Read More वे पाकिस्तान को नहीं जानते… बिलावल भुट्टो ने सिंधु जल संधि को लेकर भारत को फिर दी गीदड़भभकी

