HomeBreaking Newsदिल्ली के इन 6 रेलवे स्टेशनों पर आज से नहीं मिलेगा प्लेटफॉर्म...

दिल्ली के इन 6 रेलवे स्टेशनों पर आज से नहीं मिलेगा प्लेटफॉर्म टिकट, देखें पूरी लिस्ट

Railway: दिवाली, भाई दूज और छठ पर्व के चलते बड़ी संख्या में लोग दिल्ली से अपने-अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। ऐसे में दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जुटने लगी है। भीड़ को नियंत्रित करने और भगदड़ जैसी किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उत्तर रेलवे ने कई अहम कदम उठाए हैं।

3 नवंबर से प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आज, 3 नवंबर से प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। यह रोक 14 नवंबर तक लागू रहेगी। इस दौरान नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, आनंद विहार टर्मिनल रेलवे स्टेशन और आनंद विहार हॉल्ट पर प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेंगे।

बिहार-UP समेत इन राज्यों के यात्रियों की ज्यादा भीड़

रेलवे ने यह फैसला उन स्टेशनों पर लिया है जहां दिवाली, छठ और भाई दूज के दौरान बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और ओडिशा जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ कम करना इस व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य है।

जरूरतमंद यात्रियों के परिजनों को मिलेगी छूट

हिन्‍दुस्‍तान टाइम्‍स की एक रिपोर्ट में उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय के हवाले से बताया गया है कि प्‍लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर बैन आम लोगों के लिए है, लेकिन जरूरतमंद यात्रियों के परिजनों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों, दिव्यांगों, अशिक्षित और ऐसी महिला यात्रियों की सहायता के लिए आने वाले लोगों को प्लेटफॉर्म टिकट से जुड़े नियमों में उचित छूट दी जाएगी, जिन्हें ट्रेन तक पहुंचने में मदद की आवश्यकता है।

नई दिल्ली स्टेशन पर बनाया गया स्थायी होल्डिंग एरिया

भीड़ प्रबंधन के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 के बाहर अजमेरी गेट की तरफ एक नया स्थायी यात्री होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। त्योहारों के दौरान पहले यहां अस्थायी टेंट लगाए जाते थे, लेकिन अब स्थायी व्यवस्था की गई है। यह एरिया स्टेशन के पास बने 6,000 वर्ग मीटर के यात्री सुविधा केंद्र के अतिरिक्त है।

अजमेरी गेट से आने वाले यात्रियों की होगी जांच

अजमेरी गेट की ओर से स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को सीधे होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। यहां बैगेज स्कैनर और सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती भी की गई है।

5 नवंबर से पार्सल की लोडिंग-अनलोडिंग भी बंद

त्योहारी भीड़ के बीच रेलवे ने पार्सल को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। 5 नवंबर से 15 नवंबर तक नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल पर सभी प्रकार के पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग पर रोक रहेगी। इसका उद्देश्य स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही के दौरान अतिरिक्त भीड़ और अव्यवस्था को कम करना है।

Read More: 

Google का बड़ा खुलासा, 13 लाख Android डिवाइस में जानबूझकर डाला मैलवेयर

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments