Preparations For Amarnath Yatra 2026: आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से निर्भय होकर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने की अपील करते हुए कहा, ‘हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा हमारी जिम्मेदारी है।’ उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रा को सुरक्षित, सही और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी जरुरी काम पूरे कर लिए गए हैं और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
बैठक में तैयारियों की समीक्षा
शनिवार को श्रीनगर में मौजूद SKICC में नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपराज्यपाल ने बताया कि यात्रा की व्यापक समीक्षा की गई है। इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, सुरक्षा एजेंसियां, धार्मिक नेता, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अलग-अलग जिलों के विधायक और नागरिक समाज के सदस्य शामिल हुए। सभी ने यात्रा के शांतिपूर्ण और सफल होगी इसपर पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।
सामूहिक सहयोग पर जोर
उपराज्यपाल ने कहा, ‘हर साल की तरह इस बार भी कई वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की गई। बैठक में सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा हुई तथा सभी प्रतिभागियों ने यात्रा को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई।’ उन्होंने कहा कि इस सामूहिक भागीदारी से प्रशासन और समाज के बीच विश्वास और तालमेल मजबूत हुआ है।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष फोकस
LG मनोज सिन्हा ने बताया कि प्रशासन ने श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया है। लॉजिस्टिक्स, सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, आवास, चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी सभी जरूरतों पर बड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई दिक्कत न हो।
श्रद्धालुओं का किया स्वागत
उपराज्यपाल ने देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग भी पारंपरिक आतिथ्य के साथ उनकी सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से इस साल की यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल होगी।
सभी से सहयोग की अपील
उपराज्यपाल ने सिविल सोसाइटी, व्यापारिक संगठनों और कई धार्मिक नेताओं के साथ भी बैठक की। इस दौरान यात्रा की व्यवस्थाओं और जनसहभागिता पर चर्चा हुई। उन्होंने सभी से इस पवित्र यात्रा के सफल और सुरक्षित आयोजन में एक्टिव रहने को कहा।
यात्रा को बताया सेवा और एकता का प्रतीक
उन्होंने कहा, ‘श्री अमरनाथ जी यात्रा जम्मू-कश्मीर की निस्वार्थ सेवा, करुणा और अतिथि-सत्कार की परंपरा को विश्व पटल पर प्रस्तुत करने का सशक्त अवसर है। हर नागरिक की भागीदारी ही इस यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाती है। यह केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि सामूहिक उत्तरदायित्व का पर्व है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘आइए हम सभी मिलकर इस वर्ष की यात्रा को आस्था, एकता और भक्ति का जीवंत प्रतीक बनाएं। जब श्रद्धालु बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा की ओर बढ़ें, तो हमारी सेवा भावना उनके अनुभव को और अधिक सुरक्षित, सहज और स्मरणीय बनाए।’
3 जुलाई से शुरू होगी यात्रा
उपराज्यपाल ने बताया कि 3 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिविल सोसाइटी, धार्मिक संस्थान, व्यापारिक समुदाय और सामाजिक संगठन इसकी सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं। पिछले सालों में यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य सेवाओं, संचार व्यवस्था और आधारभूत ढांचे में कई सुधार किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को पहले से बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारा प्रयास है कि हर श्रद्धालु को सम्मान, सुरक्षा और सुविधा का अच्छा अनुभव मिले। प्रशासन इस दिशा में लगातार काम कर रहा है।’
बैठक में बड़े अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सिविल सोसाइटी के अधिकारीयों ने यात्रा के सफल आयोजन के लिए पूरा सहयोग का आश्वासन दिया और प्रशासन व श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत ढांचे में हुए सुधारों को सकारात्मक बताया। उपराज्यपाल ने सभी व्यावहारिक सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया। बैठक में विधायक अल्ताफ अहमद वानी, आगा सैयद मुंतज़िर मेहदी, मियां मेहर अली, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव एवं श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के सीईओ डॉ. मंदीप के. भंडारी, कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग, कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक वी.के. बिरदी सहित कई बड़े अधिकारी मौजूद रहे।
Read More:
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, सभी 8 आरोपियों के घर पर की ताबड़तोड़ छापेमारी

