प्रयागराज(Prayagraj) के यमुनापार इलाके से रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर से सभी को हैरान कर दिया है। खबर ये है कि बारा थाना क्षेत्र के हरदी गांव में खेत की सिंचाई करने गए बाप-बेटे की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, हरदी गांव निवासी 61 वर्षीय विनोद कुमार बिंद पुत्र स्वर्गीय बिहारी लाल सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने खेत में लगे ट्यूबवेल से पानी चला रहे थे। इसी दौरान खेत में मौजूद बिजली के एक खराब तार की चपेट में आने से वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही तड़पने लगे।
पिता को बचाने पहुंचे बेटे की भी गई जान
पिता को मुश्किल में देख उनका बड़ा बेटा 35 वर्षीय धनु कुमार बिंद तुरंत मदद के लिए दौड़ा। लेकिन जैसे ही उसने पिता को बचाने का प्रयास किया वह भी बिजली के करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में दोनों जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।
आसपास के खेतों में मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बचाव का प्रयास किया। ग्रामीणों ने किसी तरह लकड़ी और बांस की मदद से दोनों को बिजली से छुड़ाया और अलग करके उन्हें तुरंत जसरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले विनोद कुमार बिंद के छोटे बेटे रवि कुमार बिंद ने पुलिस को घटना के संबंध में शिकायत दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में बिजली के कटे हुए तार से हादसा होने की बात सामने आई है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक ही परिवार के पिता और बेटे को छीन लिया जिससे गांव में गम का माहौल बना हुआ है।