दिल्ली से इंदौर जाने वाली Air India की फ्लाइट AI-2515 तकनीकी खराबी के चलते रनवे से वापस टर्मिनल पर लौटानी पड़ी। इस दौरान विमान में एयर कंडीशनिंग बंद होने से भीषण गर्मी में यात्रियों को घंटों तक बंद केबिन में रहना पड़ा, जिससे कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
उड़ान में घंटों की देरी
यह फ्लाइट रोजाना दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से उड़ान भरती है और 1:45 बजे इंदौर पहुंचती है। लेकिन इस बार तकनीकी समस्या के कारण उड़ान में लंबी देरी हुई। पहले इसे शाम 5 बजे तक पहुंचने की संभावना जताई गई, लेकिन करीब तीन घंटे की देरी के बाद फ्लाइट शाम 5:15 बजे रवाना हुई और अब इसके करीब 6:30 बजे इंदौर पहुंचने की संभावना है। हालांकि शुरुआत में कुछ यात्रियों ने फ्लाइट रद्द होने की बात भी कही थी।
गेट बदलने से शुरू हुई अफरा-तफरी
पूरे घटनाक्रम की शुरुआत दिल्ली एयरपोर्ट पर बोर्डिंग से पहले गेट दो बार बदलने से हुई, जिससे यात्रियों में भ्रम और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद विमान में बैठाने के बावजूद तकनीकी क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण फ्लाइट को लंबे समय तक रनवे पर खड़ा रखा गया।
जानकारी के अभाव से बढ़ा गुस्सा
यात्रियों का आरोप है कि देरी को लेकर एयरलाइन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। चालक दल से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिले। लंबे इंतजार के बाद जब विमान को वापस टर्मिनल लाया गया, तो यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।
एयरपोर्ट पर विरोध और नारेबाजी
टर्मिनल पर लौटते ही यात्रियों ने एअर इंडिया के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने एयरलाइन पर लापरवाही और सुरक्षा से खिलवाड़ का आरोप लगाया। कई यात्री वैकल्पिक व्यवस्था या रिफंड की मांग को लेकर एयरपोर्ट पर डटे रहे।
सोशल मीडिया पर भी निकाली भड़ास
कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। एक यात्री ने उड़ान के समय में बार-बार बदलाव पर सवाल उठाए, जबकि दूसरे ने फ्लाइट रद्द होने और स्पष्ट जानकारी न मिलने की शिकायत की। यात्रियों ने एयरलाइन से जवाबदेही और बेहतर प्रबंधन की मांग की।
एअर इंडिया ने दी सफाई
एअर इंडिया ने यात्रियों की शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देरी परिचालन कारणों से हुई है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी टीम स्थिति को सामान्य करने और परेशानी कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
READ MORE: Rihanna संग रिलायंस रिटेल का बड़ा लॉन्च, Tira और Sephora पर मिलेगा Fenty Beauty

