अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अवैध तरीके से भारतीय सीमा में दाखिल हो गए थे। BSF ने उनके कब्जे से एक गाड़ी भी बरामद की है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।
सप्लाई का काम करते थे दोनों आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति पाकिस्तान के कसूर इलाके में दुकानों पर अलग-अलग सामान सप्लाई करने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वे अपनी निजी गाड़ी में सीमा पार करते हुए भारतीय क्षेत्र में पहुंच गए। भारतीय सीमा में घुसते ही BSF जवानों ने उन्हें रोक लिया और हिरासत में ले लिया।
लाहौर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान 60 वर्षीय मोहम्मद सलीम पुत्र नजीर अहमद और 40 वर्षीय अमीर नवाज पुत्र मोहम्मद नवाज के रूप में हुई है। दोनों लाहौर के निवासी बताए जा रहे हैं। मोहम्मद सलीम फिरोजपुर रोड स्थित नास्टर कॉलोनी का रहने वाला है, जबकि अमीर नवाज गज्जी रोड स्थित जसहीन टाउन में रहता है।
हर पहलू से जांच में जुटीं एजेंसियां
एइअधिकारियों ने इस घटना की जानकारी जीरो लाइन पर पाकिस्तानी रेंजर्स को भी दे दी है। फिलहाल अमृतसर सेक्टर में दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं दोनों गलती से भारतीय सीमा में तो नहीं आ गए या फिर इसके पीछे कोई और साजिश है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Read More
बेंगलुरु से आ रही एअर इंडिया फ्लाइट की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन में आग लगने की आशंका

