Haryana : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत कुरुक्षेत्र से श्री सोमनाथ मंदिर (गुजरात) के दर्शन के लिए एक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान यात्रा पर जाने वाले ट्रेन में सवार तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाएं भी दीं। इस यात्रा में यहां से 7 जिलों के 400 तीर्थ यात्री रवाना हुए हैं। इससे पहले उन्होंने ब्रह्मसरोवर स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री सैनी माथे पर त्रिपुंड लगाकर पहुंचे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र से भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव जी के दर्शन हेतु विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व की बात है। यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने आगे कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीर्थ स्थलों के विकास और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के माध्यम से देश अपनी जड़ों से पुनः जुड़ रहा है। इसी कड़ी में यह प्रयास श्रद्धालुओं को सुलभ तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान करता है। पांच दिन की इस धार्मिक यात्रा, श्रद्धालुओं ठहरने, रहने और मंदिर तक लेकर जाने का पूरा खर्च प्रदेश सरकार उठा रही है।

उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत प्रदेश सरकार द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी श्रद्धालु आर्थिक कारणों से तीर्थ यात्रा से वंचित न रह जाए।

