BJP Mission Punjab: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है। दिल्ली में हुई पंजाब भाजपा की उच्चस्तरीय बैठक के बाद पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। फिलहाल किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार किया गया है।
बैठक में बनी चुनावी रणनीत
पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में देर रात आयोजित बैठक में पंजाब के राजनीतिक हालात और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में राज्य में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को तेज करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
केवल सिंह ढिल्लों का बड़ा दावा
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बैठक के बाद कहा कि पार्टी का मुख्य एजेंडा पंजाब का विकास है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल कर राज्य में सरकार बनाएगी। ढिल्लों ने यह भी साफ किया कि इस समय किसी गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं चल रही है।
डबल इंजन सरकार पर जोर
भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बादल ने भी पार्टी के फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि पंजाब को आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों से बाहर निकालने के लिए राज्य में डबल इंजन सरकार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य पंजाब को विकास की नई दिशा देना और राज्य की खोई हुई प्रतिष्ठा को वापस दिलाना है।
अमित शाह की मौजूदगी में हुई चर्चा
मनप्रीत सिंह बादल के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेता नितिन नवीन के नेतृत्व में हुई बैठक में पंजाब के सामने मौजूद प्रमुख समस्याओं और उनके संभावित समाधानों पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर जनता की अपेक्षाओं का भी आकलन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया।
चार महीने का अल्टीमेटम
भाजपा नेता परमिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि भाजपा अपनी ताकत के दम पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी जनता के सामने अपना विजन, विकास एजेंडा और अन्य राज्यों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड रखेगी। जनता अगले चुनाव में भाजपा को मौका दे सकती है।
कांग्रेस भी सक्रिय हुई
भाजपा के इस चुनावी ऐलान के बीच कांग्रेस ने भी पंजाब में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात का आकलन करने के लिए वरिष्ठ नेताओं अजय माकन, मीनाक्षी नटराजन और भजन लाल जाटव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
Read More:

